राजस्व राज्यमंत्री व एसडीएम ने कराया सफाईकर्मियों की समस्या का निस्तारण
- नगर पंचायत में एक कर्मचारी को हटाने से नाराज होकर हड़ताल पर थे सफाईकर्मी
चंडौस। नगर पंचायत में कार्यरत एक कर्मचारी को बिना सूचना के हटाए जाने से नाराज होकर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों की समस्या का शुक्रवार को राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान व एसडीएम केबी सिंह ने पहुंचकर समाधान कर दिया। जिसके बाद सफाईकर्मियों ने अपनी हड़ताल वापस लेते हुए काम शुरू कर दिया है।
यह था पूरा मामला
नगर पंचायत पर तैनात सफाई कर्मी अजय कुमार को बिना किसी चेतावनी व सूचना के हटा दिया गया था। जिससे गुरुवार को सफाई कर्मचारियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने हटाए गए कर्मचारी को वापस न लाने तक काम न करने का ऐलान कर दिया। जिससे पूरी नगर पंचायत में साफ-सफाई न होने से एक ही दिन में जगह-जगह कूड़े व गंदगी का अंबार लग गया। मामले में चेयरमैन धर्म सिंह भारती ने बताया कि हटाए गए कर्मचारी की काम न करने की आए शिकायतें मिल रही थी। जिसके कारण उसे हटाया गया था।
कार्य में सुधार की चेतावनी के साथ वापस बुलाया कर्मचारी
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से ग्रामीणों को हो रही समस्या को देखते हुए शुक्रवार को राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान व एसडीएम गभाना केबी सिंह मौके पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। कर्मचारियों ने बताया कि नगर पंचायत के कुछ अधिकारियों व चेयरमैन ने बिना कारण बताए ही सफाई कर्मचारी को हटा दिया गया। सफाई कर्मचारियों का आरोप था कि इस तरह किसी को बिना चेतावनी और मौका दिए बिना कार्य से हटाना गलत है। उन्होंने कर्मचारी को पुन: वापस काम पर लाने की मांग की। जिस पर राजस्व राज्यमंत्री ने निकाले गए युवक काे एक माह के अंदर काम में सुधार लाने की चेतावनी देते हुए फिर से काम पर आने के लिए कहा। तब कहीं जाकर सफाई कर्मियों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने काम शुरू कर दिया।