मंविवि के विधि विभाग के विद्यार्थियों ने किया कारागार का भ्रमण
अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय के विधिक अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान द्वारा विधि विभाग के छात्र-छात्राओं को जिला कारागार अलीगढ़ का शैक्षणिक भ्रमण प्रतियोगात्मक पाठ्यक्रम के तहत कराया गया। जिसका उद्देश्य कैदियों को कानूनी सलाह देना, जेल के वातावरण के बार मेें जानकारी प्राप्त करना था। विद्यार्थियों ने जिला कारागार में विधिवत प्रक्रिया द्वारा प्रवेश कर कारागार की अनुशासन व्यवस्था समझी। छात्राओं ने महिला बैरक एवं छात्रों ने पुरुष बैरक में जाकर बंदियों से उनकी दिनचर्या संबंधित जानकारी प्राप्त की।

विभागाध्यक्ष डा. हैदर अली द्वारा वरिष्ठ जेल अधीक्षक विजेंद्र सिंह एवं उप जेल अधीक्षक सुरेश कुमार को मंगलायतन विश्वविद्यालय का प्रतीक चिन्ह व अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने जेल का भ्रमण कराते हुए विस्तृत जानकारी दी। वहीं, जेल में बंदियों के लिए चलाए जा रहे सुधार कार्यक्रम के संबंध में भी बताया गया। जेल अधिकारियों ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए। कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने जिला कारागार भ्रमण के उद्देश्य के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। कुलसचिव समरवीर सिंह एवं संयुक्त कुलसचिव प्रो. दिनेश शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विधि विभाग के शिक्षक गण जितेंद्र यादव, डा. ममता रानी, डा. विकास शर्मा, अली अख्तर उपस्थित रहे।