मच्छर भगाने वाली क्वाइल बनी एक परिवार का काल, आग में मासूम बच्ची की जलकर हुई मौत, माता-पिता की हालत गंभीर
- गांधीपार्क थाना क्षेत्र के डोरी नगर की घटना
अलीगढ़। थाना गांधीपार्क क्षेत्र के डाेरी नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई हैं। जहां मच्छर से बचने के लिए क्वाइल जलाकर सो रहे एक परिवार के बिस्तर में आग लग गई। हादसे में डेढ़ साल की जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता की हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना गांधीपार्क क्षेत्र के डोरी नगर निवासी मनोज वार्ष्णेय पत्नी भावना और डेढ़ वर्षीय बच्ची जानवी के साथ शुक्रवार रात को कमरे में मच्छरों से बचने के लिए क्वाइल जलाकर सो रहे थे। तभी अचानक से क्वाइल की चपेट में आकर कपड़ों में आग लग गई। जब मनोज कुछ समझ पाते उससे पूर्व ही आग ने उनके बेड को भी अपनी चपेट में ले लिया। कमरे में अधिक धुंआ होने से तीनों का दम घुटने लगा और वह बेहोश हो गए। आग में दंपत्ति और उनकी मासूम बेटी बुरी तरह से झुलस गई। कमरे से उठता धुंआ देख परिजन व अास-पड़ौस के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और आग को बुझाने लगे। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस व परिजनों ने घायलों को अस्पातल में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टरों ने डेढ़ वषीय जानवी को मृत घोषित कर दिया। मनोज की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली के एम्स के लिए रेफर कर दिया, जबकि उनकी पत्नी भावना का अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मासूम बच्ची का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।