रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

रोडवेज बस की स्टेयरिंग फेल होने से पेड़ से टकराई, चालक समेत एक दर्जन सवारियां हुई घायल

– हल्द्वानी से सवारियां लेकर आगरा जा रही थी बस,

-मडराक क्षेत्र में दाऊद खां रेलवे स्टेशन के निकट हुआ हादसा

अलीगढ़। मडराक थाना क्षेत्र में दाऊद खां रेलवे स्टेशन के पास हल्द्वानी से सवारियों को लेकर आगरा जा रही रोडवेज बस स्टेयरिंग फेल हो जाने के चलते अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस चालक समेत एक दर्जन से अधिक सवारियां घायल हो गई। जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।

हादसे के दौरान 35 सवारियां थी बस में

गुरुवार को हल्द्वानी से करीब 35 सवारियों को भरकर हाथरस डिपो रोडवेज बस आगरा के लिए जा रही थी। जैसे ही बस मडराक क्षेत्र में दाऊद खां रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची। तभी अचानक से बस की स्टेयरिंग फेल हो गई, चालक ने बस को नियंत्रत करने का काफी प्रयास किया, लेकिन बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पीपल के पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का आगे का आधा हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। टक्कर होते ही बस में सवार यात्रियों में मदद को चीख-पुकार मचने लगी। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर सीओ इगलास विशाल चौधरी के अलावा मडराक व महुआखेड़ा की थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बसों से बाहर निकलवाकर एंबुलेंस से अलीगढ़ के निजी अस्पताल, जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

हादसे में ये हुए घायल

हादसे में बस में सवार चंडौस के किन्हुआ-भगतपुर निवासी सुमित, आगरा के अछनेरा निवासी रमाशंकर, अतरौली निवासी सत्यप्रकाश, हाथरस के सादाबाद निवासी राजुद्​दीन, दिल्ली निवासी प्रेमपाल, हाथरस निवासी राजकुमार व उनका बेटा प्रवीण, अलीगढ़ के क्वारर्सी निवासी विभोर शर्मा व बस चालक संजय निवासी सादाबाद हाथरस, परिचालक मनीष निवासी इगलास आदि समेत एक दर्जन सवारियां घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चालक संजय की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!