निर्माणाधीन मकान में फंदे पर लटका मिला छात्र का शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
चंडौस। थाना क्षेत्र के गांव गंगेई में शुक्रवार सुबह एक छात्र का शव निर्माणाधीन मकान में फंदे पर लटका हुआ मिला। जिससे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं मामले में परिजनों ने छात्र की हत्या कर देने व साक्ष्य मिटाने को शव फंदे पर लटका देने का आरोप लगाया है।
गांव के मुनेश कुमार सिंह का 21 वर्षीय छोटा बेटा विशाल BSC का छात्र था। शुक्रवार सुबह उसका शव घर के पास ही में निर्माणाधीन मकान में चौखट पर फंदे पर लटका हुआ मिला। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर एकत्रित हो गए। परिजनों के अनुसार विशाल गुरुवार रात्रि में अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था। उन्होंने गांव की एक युवती के पिता पर हत्या कर देने व साक्ष्य मिटाने को शव फंदे पर लटका देने का आरोप लगाया। वहीं ग्रामीणों में चर्चा है कि मृतक छात्र का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी भनक युवती के परिजनों को लग गई थी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवार कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इंस्पेक्टर सीता राम सरोज ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।