नलकूपों को पर्याप्त बिजली न मिलने पर भाकियू ने की बिजलीघर में तालाबंदी, किया धरना प्रदर्शन
- जेई को धरने पर बिठाया, दौरऊ-चंडौस मार्ग पर लगाया जाम
चंडौस। क्षेत्र में किसानों के नलकूपों को निर्धारित रोस्टर से आपूर्ति न मिलने पर बुधवार किसानों का सब्र का बांध टूट गया। किसानों ने भाकियू (भानू गुट) के नेतृत्व में चंडौस बिजलीघर पर तालाबंदी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। गुस्साएं किसानों ने दौरऊ-चंडौस मार्ग पर जाम भी लगा दिया। बाद में सीओ के समझाने व विद्युत विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने एक सप्ताह के अंदर निस्तारण होने पर अग्र आंदोलन की चेतावनी देते हुए धरने को समाप्त कर दिया।
भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर व व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ठा. सोहन की अगुवाई में सैंकड़ों किसान एकत्रित होकर बिजलीघर पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बिजलीघर पर तालाबंदी कर दी और मौजूदा जेई को धरने पर बिठा लिया। इस दौरान किसानों ने बताया कि शासनस्तर से किसानों के नलकूपों के लिए दस घंटे आपूर्ति देने के निर्देश हैं, लेकिन ठीक उसके विपरीत किसानों को महज 3-4 घंटे ही टुकड़ों में आपूर्ति मिल पा रही है। अंधाधुंध विद्युत कटौती होने के चलते किसानों के खेतों में खड़ी फसल सूखने के कगार पर है। उन्होंने कहा कि आपूर्ति को निर्धारित रोस्टर के अनुसार उपलब्ध कराने, नगला पदम में जर्जर हाईटेंशन से लाइन से लगातार हो रहे हादसे को रोकने को लाइन को बदलवाने, नगला वादाम में पिछले एक वर्ष से फुंके पड़े ट्रांसफार्मर को 63 केबीए का लगवाने, आए किसानों से अभद्रता करने पर जेई का स्थानानंतरण कराने की मांग की।
इस दौरान गुस्साए किसानों ने दौरऊ-चंडौस मार्ग को अवरूद्ध कर दिया। सूचना पर पहुंची सीओ गभाना सुमन कनौजिया ने किसानों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने व उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की जिद पर अड़े रहे। काफी देर बाद मौके पर पहुंचे एसडीओ विद्युत अमित कुमार को किसानों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिस पर एसडीओ ने उनकी समस्याओं का जल्द ही निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर ने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर समस्याओं का समाधान न हुआ तो भाकियू भानू गुट तहसील व जनपदस्तर पर उग्र प्रदर्शन करेगा। धरने में प्रदेश महामंन्त्री गोविल जादौन, मंडल मंत्री राजू ठाकुर, रामगोपाल वर्मा, डॉ. दिग्विजय सिंह, मनोज मित्तल, मनीष वार्ष्णेय, राहुल मीणा, गवेंद्रपाल सिंह, दीपक ठाकुर, सोनू ठाकुर, ओमवीर मौची, वीरपाल यादव, भुवनेश्वर सिंह, महेंद्र प्रधान, भगवानदास चौहान, वेदप्रकाश शर्मा, सुधीर ठाकुर, टीपी सिंह ,मुकेश जादौन, अंशु चौहान, सदींप चौहान, धर्मेंद्र सिंह, जाहिद खान, नितेश चौहान, सोनू, सुमित, राजेश, जीतू, मनोज, अमीना बेगम, डॉ, यूनिस खान, पंकज चौधरी, दिनेशचंद्र शर्मा, बॉबी बघेल, उदय गोयल, भूरा सिंह, रोहित सिंह, जितेन्द्र सिंह, प्रवीन सिंह, सुधीर सिंह आदि मौजूद रहे।
————