बारिश के साथ आफत : मकान का बेसमेंट भर भराकर गिरा, मां-बेटी की मौत
- थाना रोरावर क्षेत्र के शाहमजाल इलाके की गन्ने वाली गली में देर शाम हुआ हादसा
अलीगढ़। थाना रोरावर क्षेत्र के शाहजमाल इलाके के गन्ना वाली गली में रविवार को बारिश के दौरान एक मकान का बेसमेंट भरभराकर गिर पड़ा। जिसके मलबे में दबकर मां समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया । जहां डॉक्टरों ने महिला और उसकी बेटी को मृत घोषित कर दिया ।
देर रात तक मलबा हटवाए जाने में नगर निगम समेत कई टीमें जुटी हुई थीं। जबकि हजारों लोग भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। बारिश के बाद कच्चे-पक्के मकान एवं दुकानों के गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। रविवार को बारिश के दौरान गन्ना वाली गली में सुबराति के बेटे की एक बहू गुलस्फां ऊपरी मंजिल पर खाना बना रही थी। जबकि दूसरी बहू दिब्बो बेसमेंट में अपनी डेढ वर्षीय बच्ची को लेकर खाना बना रही थी।
तभी अचानक आयी बारिश में बेसमेंट की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। मलबे में मां-बेटी दब गईं। आसपास करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया। एक साथ बेसमेंट की दीवार गिरने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दूसरी मंजिल पर खाना बना रही गुलस्फां एक साथ वहां से निकल कर बाहर भागी और अपनी देवरानी के दबने की जानकारी दी तो वहां बड़ी संख्या में लोग आ पहुंचे।
इलाका पुलिस के अलावा दमकल विभाग, स्वास्थ विभाग, पीएसी आदि की टीमें मौके पर पहुंच गई। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत आदि भी मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद मलबे में फंसी मां-बेटी को करीब एक घंटे बाद बाहर निकाला जा सका। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दिब्बो एवं उसकी डेढ़ साल की बच्ची को मृत घोषित कर दिया। देर रात तक मकान के मलबे को हटाने का क्रम जारी रहा। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि महिला के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।