जंगल में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
अलीगढ़। थाना छर्रा क्षेत्र के गांव सिरोली में एक युवक का शव जंगल में पेड़ पर लटका हुआ मिला। जिससे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस व फाॅरेंसिक की टीम ने पहुंच कर जानकारी जुटाने के साथ सक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मानसिक रूप से चल रहा था बीमार
मिली जानकारी के अनुसार सिरोली गांव निवासी 35 वर्षीय राजेश कुमार मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार राजेश पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। जिसका उपचार भी चल रहा था। बुधवार शाम को वह पास के ही गांव भमोरी बुजुर्ग में अपने साढ़ू के यहां चला गया और रात्रि में उसके घर पर सो गया। गुरुवार तड़के वह साढू के परिजनों को बिना कुछ बताए घर से निकल अाया।
जंगल में पेड़ पर लटका मिला शव
गुरुवार सुबह जंगल में घूमने गए ग्रामीणों को राजेश कुमार का शव पेड़ पर फंदे पर लटका हुआ दिखा। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। वहीं थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक तीन बच्चों का पिता था। वहीं इंस्पेक्टर कृष्णपाल सिंह ने बताया कि युवक ने मानसिक रूप से बीमार होने के चलते आत्महत्या की है। मामले में जांच की जा रही है।