पनिहावर में दो पक्षों में हुई मारपीट, चार लोग हुए घायल, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। क्षेत्र के गांव पनिहावर में दो पक्षों में हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए। मामले में दोनों पक्षों की आेर से एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एक पक्ष के अनूप कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार को वह अपने बटाई के खेत पर काम कर रहा था। तभी पड़ोस के खेत वाले जंगपाल, योगेश, प्रमोद व विजय ने अपने खेतों से पानी काटकर उसके खेत में छोड़ दिया। जिससे उसकी धान की फसल डूब गई।
जब उसने पानी छोड़ने विरोध किया तो आरोप है कि उक्त लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडाें से मारपीट करते हुए घायल कर दिया। बीच-बचाव में आए बेटा अनिल को भी आरोपियों ने धारदार हथियारों से लहुलुहान कर दिया। शोर-शराबा सुनकर गांव के अन्य लोग मौके पर आ गए। जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
वहीं दूसरे पक्ष के प्रमोद कुमार दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 11 जुलाई की दोपहर में वह बाइक से किसी काम से गभाना बाजार आ रहा था। तभी गांव में घुसते ही देवता पर पहले से घात लगाए बैठे अनूप कुमार, सुनील कुमार व अनिल कुमार ने उसे घेर लिया तथा उसके साथ मारपीट कर डाली। बीच-बचाव में आए भतीजे योगेश को भी उक्त लोगों ने लाठी, फावड़े की कुदाल से मारपीट करते हुए घायल कर दिया। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।
15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया युवक
गभाना। क्षेत्र के गांव घौरोठ से पिछले चार माह से घर में रह रहा युवक 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले उड़ा। किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस किशोरी की तलाश में जुट गई।
मामले में किशोरी के पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि पिछले चार माह से अलीगढ़ के बाजनगर निवासी जसवीर सिंह उसके घर पर रह रहा था। 11 जुलाई को दोपहर वह उसकी 15 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने दोनों को काफी तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका है। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद किया जाएगा।
युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत
अलीगढ़। थाना सासनीगेट क्षेत्र में पला फाटक के पास गुरुवार की तड़के शौंच करने गए युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक की जेब मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार हाथरस के गांव बरौली निवासी मुनेश कुमार पुत्र भूरी सिंह हाल में सासनीगेट के न्यू अवतार नगर में परिजनों के साथ रहता था। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को रेलवे लाइन पर एक युवक का शव पड़ा दिखाई पड़ा। जानकारी पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हुई। बाद में युवक की जेब में मिले मोबाइल फोन से मृतक की पहचान मुनेश के रूप में हो सकी। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार मुनेश गुरुवार तड़के शौंच करने के लिए गया था, तभी पला फाटक के पास रेलवे लाइन पार करने के दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक तीन बच्चों का पिता था।