अकेली महिला को देख रोडवेज परिचालक की नीयत बिगड़ी, कर दी छेड़छाड़, हंगामा
- मुरादाबाद से वाया अलीगढ़- आगरा जा रही थी बस, परिचालक की बर्खास्तगी को आरएम रोडवेज आगरा को भेजा पत्र
अलीगढ़। मुरादाबाद से आगरा जा रही ताज डिपो की बस में गुरुवार को बस के परिचालक ने महिला यात्री को अकेला देखकर छेड़छाड़ कर दी। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचा दिया। इसको लेकर बस में सवार यात्रियों ने जमकर हंगामा काटा और रोडवेज अफसरों को पूरे मामले की जानकारी दे दी। बस के अलीगढ़ पहुंचने पर परिचालक को उतार लिया गया। संविदा परिचालक की बर्खास्तगी को लेकर अलीगढ़ आरएम ने आगरा के आरएम को पत्र भेजा है। जबकि महिला को दूसरी बस के जरिए गंतव्य को भेजा गया है।
घटनाक्रम के अनुसार दोपहर के वक्त मुरादाबाद से अलीगढ़ होते हुए आगरा जाने वाली ताज डिपो की बस अतरौली बस स्टैंड पर पहुंची। यहां से कुछ सवाल यहां बस में सवार हुई। इनमें एक महिला अपनी बच्ची के साथ बस में बैठी। जो परिचालक की सीट पर बैठ गई। इसी बीच परिचालक की नीयत खराब हो गई और उसने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध किया और शोर मचा दिया।
इस पर बस में सवार अन्य यात्रियों ने हंगामा करते हुए परिचालक को खूब उल्टा सीधा कहा। इतना ही नहीं उन्होंने रोडवेज अफसरों को भी इसकी जानकारी दे दी। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि इस सूचना पर एआरएम अलीगढ़ चीनी प्रसाद को मसूदाबाद बस स्टैंड पर भेजा गया। बस के अलीगढ़ पहुंचने पर परिचालक को बस से नीचे उतार लिया गया।
जबकि उसके स्थान पर दूसरे परिचालक को ड्यूटी पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी परिचालक की संविदा समाप्त एवं बर्खास्तगी के लिए आरएम आगरा को पत्र भेजा गया है । इस दौरान आरोपी परिचालक ने पीड़ित महिला से माफी मांगते हुए भविष्य में तरह की घटना न करने का वादा किया । इतना ही नहीं परिचालक महिला के पैरों में जा गिरा और माफी मांगने लगा।
महिला बिना कुछ कहे सुने दूसरी बस में सवार होकर अपने गंतव्य को रवाना हो गई। इस घटना से जुड़ा हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है। पिछले दिनों हाथरस डिपो की लखनऊ जा रही बस में भी परिचालक द्वारा एक महिला से छेड़छाड़ का मामला काफी चर्चा में आ चुका है। इस घटना में आरोपी परिचालक की संविदा समाप्त कर दी गई है।