रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

घेर में पशुओं को चारा डालने गई महिला का शव लटका मिला फंदे पर

गभाना। क्षेत्र के गांव महरावल में शुक्रवार सुबह घेर पर पशुओं को चारा डालने गई महिला ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार महरावल निवासी मवासीराम निजी वाहन चलाते हैं। शुक्रवार की सुबह करीब 4 बजे उनकी 36 वर्षीय पत्नी सुशीला देवी घेर पर पशुओं को चारा डालने के लिए गई थी। जहां पर उन्होंने अपनी साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घंटों तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजन उनकी तलाश करते हुए घेर पर पहुंचे। जहां के हालात देखकर उनकी चीख निकल पड़ी।

सुशीला देवी का शव फंदे पर लटका हुआ था। चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतका तीन बेटों की मां थी। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मामले में परिजन चुप्पी साधे हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!