रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

चाचा पर गोली चलाने वाले भतीजे को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

पिसावा। थाना पुलिस ने चाचा पर गोली चलाने वाले भतीजे को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने हमले में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक व कारतूस बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी पिसावा उपेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि बीती 4 जुलाई की रात में क्षेत्र के गांव दमुआंका में खेत से पानी निकालने को लेकर चाचा-भतीजों में विवाद हो गया था। जिसमें आरोपी भतीजे सीटू उर्फ आकाश व विकास उर्फ बागी ने खेत से आ रहे चाचा सुनील कुमार को रास्ते में पकड़ लिया तथा गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। गोली सुनील की जांघ में लगी थी। मामले में पीड़ित ने अपने भतीजे सीटू उर्फ आकाश व विकास उर्फ बागी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार काे थाना पुलिस ने आरोपी सीटू उर्फ आकाश को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हमले में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैँ। उन्होंने बताया कि आराेपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।



पूर्व प्रधान की दो भैंस चोरी कर ले गए चोर

लोधा। क्षेत्र के गांव मूसेपुर में गुरुवार रात को चोर पूर्व प्रधान के घेर का दरवाजा खोलकर दो कीमती भैंस को चोरी कर ले गए। वहीं पास के ही एक मकान की भी दीवार काटकर चोरी करनेे का प्रयास किया, लेकिन कोई भी सामान ले जाने में चोर असफल रहे।

क्षेत्र के गांव मूसेपुर निवासी पूर्व प्रधान देवेंद्र सिंह के घेर में हर दिन की भांति पशु बंधे हुए थे। रात्रि में चोर घेर का दरवाजा खोलकर वहां बंधी दो दुधारू भैंस को चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह जब परिजन पशुओं को चारा डालने पहुंचे तो घेर का दरवाजा खुला देख पर खूंटों पर दो भैंस न पाकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने ग्रामीणों के साथ दोनों भैंस को काफी तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। वहीं चोरों ने पास ही में देंवेंद्र सिंह के चाचा हरि सिंह के घर की भी दीवार काट डाली। लेकिन किन्ही कारणों से चोरी करने में विफल रहे। मामले में पीड़ित पूर्व प्रधान ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।



स्कूल व पंचायत घर से सामान चोरी

पिसावा। क्षेत्र के गांव जलोखरी के प्राथमिक विद्यालय व शाहपुर के पंचायत घर से गुरुवार रात्रि में चोर कीमती सामान चोरी कर ले गए। मामले में स्कूल के प्रधानाध्यापक व ग्राम प्रधान ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जलोखरी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि रात में चोर कमरों के ताले तोड़कर वहां से पंखा, सिलेंडर आदि सामान चोरी कर ले गए। वहीं शाहपुर प्रधान संजय सिंह ने दी तहरीर में बताया कि चोर रात्रि में पंचायत घर का ताला तोड़कर वहां रखे कंप्यूटर, प्रिंटर, इनवर्टर, बैटरी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने दोनों की तहरीर के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।



You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!