रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा करने व लेखपाल को धमकाने पर रिपोर्ट दर्ज

गभाना। तहसील क्षेत्र के गांव नगला पदम में ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा कर फसल बोने व लेखपाल को धमकाने पर सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।

मामले में लेखपाल कौशलेंद्र यादव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह नगला पदम पर पिछले एक वर्ष से लेखपाल के पद पर तैनात है। गांव में गाटा संख्या 1943 मि. 3.663 हे., 1929 मि. 6834 हे., 1905 मि. 11.404 हे. भूमि सरकारी अभिलेखों में ऊसर भूमि में दर्ज है।

उक्त भूमि पर कृषि आवंटन पट्टे गांव के मुन्नीलाल, भोजराज, कलुआ, कैलाश, अनिल कुमार, आनंद कुमार, व संतोष कुमार समेत अन्य लोगों के नाम हुए थे। लेकिन अनियमितता के आधार पर पट्टे निरस्त कर दिए गए तथा पूर्व में जमीन को खाली करा लिया गया था। अप्रैल 2023 में तहसील प्रशासन ने उक्त जमीन से पुन: अवैध कब्जों को हटवाते हुए ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया गया था।



पिछले माह जून में उक्त लोगों ने फिर से ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को रूकवाया। जिस पर उक्त लोगों ने लेखपाल को जान से मारने की धमकी दी। बुधवार को उक्त लोगों ने मना करने के बाद भी सरकारी जमीन पर फसल बो दी और उसे अपशब्दों से अपमानित करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इंस्पेक्टर चंडौस सीता राम सरोज ने बताया कि लेखपाल की तहरीर के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने व धमकाने की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!