रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

अलीगढ़ का बढ़ा मान, रिंकू सिंह भारतीय टीम में बल्लेबाजी के दिखाएंगे जौहर

एशियाई खेलों के लिए चयनित टी-20 टीम का बनेंगे हिस्सा, आईपीएल में दमदार प्रदर्शन दिखाने का मिला इनाम

अलीगढ़। आईपीएल मैच में पांच गेंदों पर पांच छक्के जड़कर रातों रात स्टार क्रिकेटर बने अलीगढ़ के रिंकू सिंह की बल्लेबाजी का जोहर अब भारतीय क्रिकेट टीम में देखने को मिलेगा। रिंकू सिंह का चयन एशियाई खेलों में शामिल होने वाली भारतीय क्रिकेट टी-20 टीम में हुआ है। अपने दमदार प्रदर्शन के बलबूते रिंकू सिंह ने अलीगढ़ जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है। रिंकू सिंह के भारतीय क्रिकेट टीम में चयन की खबर शनिवार देर शाम क्रिकेट प्रेमियों तक पहुंची तो वे खुशी से झूम उठे। उन्होंने मिठाई बांटकर इसका जश्न भी मनाया।

बीसीसीआई ने की घोषणा

बीसीसीआई ने एशियाई खेलों के लिए सीनियर पुरुष टीम की घोषणा की है, जिसमें रिंकू सिंह का नाम शामिल है। जिसके बाद पूरे जिले में उनके प्रशंसकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। परिजन और शुभचिंतक रिंकू सिंह की इस उपलब्धि पर खुशी मना रहे हैं। सभी ने एक स्वर में कहा कि उन्हें रिंकू सिंह पर नाज है।

आईपीएल में उम्दा प्रदर्शन का मिला इनाम

आईपीएल में कोलकाला नाइट राइडर की ओर से खेलने वाले रिंकू सिंह ने आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन किया था । रिंकू सिंह ने 9 अप्रैल को गुजरात के अहमदाबाद शहर में आयोजित क्रिकेट मैच में अंतिम 5 गेंदों पर 5 छक्के जड़कर अपनी टीम केकेआर को जीत दिलाई थी । इससे रिंकू सिंह पूरे देश में छा गए और उन्होंने अलीगढ़ जिले का नाम रोशन किया। रिंकू सिंह की इस उपलब्धि पर केकेआर के मालिक एवं फिल्म अभिनेता शाहरुख खान समेत तमाम क्रिकेट हस्तियों ने रिंकू सिंह को बधाई दी थी।

इस मैच में यादगार पारी खेलने के बाद रिंकू का बल्ला लगातार रन उगलता रहा। अपने प्रदर्शन के दम पर रिंकू ने भारतीय क्रिकेट टीम में आने का दावा मजबूती से पेश किया। हालांकि उन्हें भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था। इस सीजन में उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया था। आखिरकार रिंकू सिंह अपने शानदार प्रदर्शन के बलबूते चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहे। इसी प्रदर्शन के आधार पर रिंकू सिंह का भारतीय क्रिकेट सीनियर पुरुष टीम में जगह दी गई है।

18 सितंबर से शुरू होगी प्रतियोगिता

एशियन खेलों के लिए चुनी गई सीनियर पुरुष टी-20 टीम में ज्यादातर उन खिलाड़ियों को लाभ दिया गया है, जिन्होंने आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन किया है। अब यह खिलाड़ी 18 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलने वाले एशियन खेलों में अपना शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए भारतीय टीम को प्रतियोगिता में विजय दिलाकर उसे चैंपियन बनाने का काम करेंगे।

इस तरह रहेगी टीम

बीसीसीआई की ओर से जारी की गई टीम में ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, राहुल त्रिपाठी, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, शिवम मावी, शिवम दुबे को स्थान दिया गया है। जबकि पांच अन्य खिलाड़ियों को अतिरिक्त खिलाड़ियों के रूप में टीम में शामिल किया गया है।

रिंकू पर था भरोसा बनेगा भारतीय टीम का हिस्सा

रिंकू सिंह को क्रिकेट की बारीकियां सिखाने वाले कोच मसूदू जफर अमीनी ने बताया कि यह दिन अलीगढ़ के इतिहास में काफी बड़ा है। यह जिले के सभी खिलाड़ियों को प्रेरणा देने वाला है, जिससे वह और ज्यादा मेहनत करते हुए सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि रिंकू ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। रिंकू सिंह अपने प्रदर्शन से लगातार भारतीय क्रिकेट टीम का दरवाजा खटखटा रहे थे । उन्होंने कहा कि मेहनत कभी बेकार नहीं जाती इसे रिंकू सिंह ने साबित किया है। उन्हें भरोसा है कि रिंकू सिंह अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट प्रेमियों का वह मनोरंजन करेंगे और भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में अपनी अहम भूमिका अदा करेंगे।

खुशी से चहक उठे माता-पिता

रिंकू सिंह की भारतीय टीम में चयन होने की खबर जैसे ही पिता खानचंद और मां बीना देवी को मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह ने अपने प्रदर्शन से ना केवल अलीगढ़ का नाम रोशन किया है बल्कि उनका नाम रोशन करने का काम किया है। हम लोगों ने रिंकू सिंह के माता पिता के रूप में जानते हैं। इससे उन्हें नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि रिंकू सिंह एशियन गेम्स में अपने बल्ले की धमक से भारतीय क्रिकेट टीम को चैंपियन बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।

रणजी ट्रॉफी में रन मशीन बने रिंकू सिंह

रिंकू सिंह ने वर्ष 2018 -19 में रणजी ट्रॉफी मैच में शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश करते हुए क्वार्टर फाइनल में सौराष्ट्र के खिलाफ 150 रन की पारी खेलकर सीजन में 953 रन बनाकर इतिहास रच दिया था ।हालांकि, उन्हें इस मैच में 1000 रन पूरा न कर पाने का मलाल भी है। उत्तर प्रदेश के खब्बू बल्लेबाज रिंकू सिंह 10 मैच में 953 रन बनाकर देश में सर्वाधिक रन बनाने वाले सिक्किम के बल्लेबाज मिलिंद कुमार (1331) से पीछे हैं। घरेलू ट्रॉफी के दिग्गज बल्लेबाज व पूर्व टेस्ट खिलाड़ी वसीम जाफर से भी रिंकू सिंह रन के मामले में काफी आगे हैं। रिंकू ने इस सीजन में चार शतक ठोंके। हालांकि, दो बार 149 रन पर आउट हो गए। सर्विसेज के खिलाफ 163 नाबाद, त्रिपुरा व आसाम के खिलाफ 149-149 रन पर आउट हो गए। मगर, क्वार्टर फाइनल में सौराष्ट्र के खिलाफ 150 रन बना डाले।

आईपीएल में फिनिशर बने रिंकू सिंह

आईपीएल में फिनिशर बनकर उभरे रिंकू सिंह ने वर्ष 2013 में सोनेट क्लब से खेलते हुए क्रीड़ा क्रिकेट एकेडमी के खिलाफ दो गेंद पर दो छक्के लगाकर मैच जिताया था। फाइनल में दो गेंद पर 11 रन की जरूरत थी। मैच के गवाह रहे अनिल वर्मा ने बताया कि जीत मुश्किल लग रही थी तब संरक्षक पवन शर्मा ने एलान किया कि रिंकू अगर दो गेंद पर दो छक्के लगाते हैं तो पांच हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

रिंकू ने छक्के जड़ दिए। पहली बार मैन ऑफ सीरीज के तीन हजार और पांच हजार रुपये इनाम में उन्हें मिले। साल 2012 की है, जब यूपीसीए का अंडर-16 क्रिकेट का ट्रायल कानपुर में हो रहा था। क्रिकेटर जीशान के अनुसार वह रिंकू को ट्रायल दिलाने कानपुर गए थे। जब रिंकू मैदान पर ट्रायल देने पहुंचा तो थोड़ी देर में वह होटल आ गया और बोला उसका फॉर्म वहां पर नहीं है। अलीगढ़ से फॉर्म नहीं आया है।

उन्होंने अलीगढ़ में फोन किया तो सभी ने अलग-अलग बातें बताईं। फिर सुरेश शर्मा को फोन किया जिसे वह अंकल कहते थे। उन्हें पूरा मामला बताया। उन्होंने चयनकर्ता शशिकांत खांडेकर से बात की कि रिंकू का ट्रायल वह ले लें। वह बोले यह सचिन तेंदुलकर है, जिसका बिना फॉर्म के ट्रायल ले लें।

सुरेश अंकल के कहने पर रिंकू और वह शशिकांत खांडेकर से मिलने चले गए। दोनों लोगों ने उनसे हाथ जोड़कर विनती की। उन्होंने कहा कि ठीक है। रिंकू ने ट्रायल दिया, उसने अच्छी बल्लेबाजी की। उसका चयन अंडर-16 कैंप के लिए हो गया। कैंप के दो मैच में रिंकू ने सात रन बनाए, जिस पर टीम में आने की संभावना खत्म हो गई। फिर उन्होंने सुरेश से गुजारिश की। सुरेश ने शशिकांत से कहा कि रिंकू को टीम में चुन लें। इस पर शशिकांत ने कहा, जिस लड़के ने दो मैच में केवल सात रन बनाए हैं, उसे टीम में लें और जिसने ज्यादा रन बनाए हैं, उसे न लें, यह संभव नहीं है। उन्हें भी जवाब देना पड़ेगा। इस पर सुरेश ने दोबारा से सिफारिश की।

जीशान ने कहा कि आगरा में अंडर-16 के पहले मैच में रिंकू ने 156 रन की पारी खेली, वह मैच देखने गए थे। इसके बाद अब रिंकू की बल्लेबाजी दुनिया देख रही है। उन्होंने कहा कि अगर रिंकू का नाम अंडर-16 के ट्रायल में कट जाता, तो आज तस्वीर दूसरी होती है। यह बात रिंकू और वह जानते हैं या चंद लोग, लेकिन बताने से बच रहे हैं।

केकेआर ने 80 लाख लगाई थी बोली

रिंकू को केकेआर ने 80 लाख रुपये में रिटेन किया था। आईपीएल-11 में केकेआर ने रिंकू को 80 लाख रुपये में खरीदा था। रिंकू को तीन नंबर की जर्सी मिली थी। वह चार मैच भी खेले थे, लेकिन उनका बल्ला खामोश रहा। मनोवैज्ञानिक दबाव से जूझ रहे रिंकू ने वर्ष 2012 में स्कूल क्रिकेट वर्ल्ड कप में डीपीएस की ओर खेलते हुए 35 नंबर की जर्सी पहनी थी। वर्ल्ड कप में रिंकू का बल्ला खूब गरजा था।

शानदार बल्लेबाजी के चलते उन्हें मैन ऑफ द टूर्नामेंट भी मिला था। पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के लिए केकेआर को एक गेंद पर दो रन की दरकार थी। ईडन गार्डंस कोलकाता में आखिरी गेंद पर रिंकू ने चौका जड़कर मैच जीत लिया। अपने प्रदर्शन के बलबूते रातों-रात स्टार खिलाड़ी के रूप में बदले रिंकू सिंह के पिता खानचंद घरों में सिलिंडर पहुंचाने का काम करते हैं।

वह बताते हैं कि शुरू-शुरू में उन्हें कतई नहीं लगा कि उनके बेटे में कोई असाधारण बात है। लेकिन जब दूसरे लोग रिंकू की बल्लेबाजी को असाधारण बताते तो उन्हें खुशी होती। लेकिन उन्होंने रिंकू के लिए कुछ नहीं किया। ईमानदारी से कहते हैं कि उन्होंने कभी एक बैट भी रिंकू के लिए नहीं खरीदा। अलबत्ता, कभी खेलने से नहीं रोका।

16 साल की उम्र में ही यूपी की टीम से जुड़ गए थे रिंकू

वर्ष 2014 में प्रथम श्रेणी के शुरुआती मैच में ही रिंकू ने यूपी के लिए सबसे ज्यादा 83 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 2016 में रिंकू यूपी की रणजी टीम से खेलने लगे थे। 2018-19 के रणजी सत्र में उन्होंने यूपी के लिए 10 मैचों में 953 रन बनाकर यह सुनिश्चित कर दिया था कि वह अब रुकने वाले नहीं हैं।

क्रिकेट के दिग्गजों ने की सराहना

एक मैच में कमेंट्री करते हुए क्रिकेटर हरभजन सिंह ने रिंकू सिंह की शानदार बल्लेबाजी को देखकर टिप्पणी कर दी थी कि अब इस बल्लेबाज का नाम अलग सूची में लिख लीजिए। क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भी रिंकू सिंह के बारे में कहां की न केवल अलीगढ़ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की शान हैं। उन्होंने रिंकू सिंह को अलीगढ़ का बादशाह के नाम से भी संबोधित किया था।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!