बाजार में बिक रही थी नॉट फॉर सेल की दवाएं, शिकायत पर दुकान सील
औषधि विभाग की टीम ने की छापेमारी, जेएन मेडिकल कॉलेज को नोटिस भेजकर मांगा जबाव
अलीगढ़ । जेएन मेडीकल कॉलेज में मरीजों को दी जाने वाली ” नॉट फॉर सेल ” की दवाएं जकरिया मार्केट में एक दुकान पर बिकती मिलीं। इस मामले में हुई शिकायत के बाद अौषधि विभाग की टीम ने की छापेमारी करते हुए दवाएं बरामद की हैं।
इस मामले में जेएन मेडिकल कॉलेज को नोटिस भेजकर जबाव मांगा गया है कि आखिर मेडीकल कॉलेज की दवाएं बाजार में कैसे बिक रही हैं ? ड्रग्स विभाग की टीम ने रविवार को दुकान को सील कर दिया है। क्वार्सी क्षेत्र के गांव चिलकौरा निवासी मो. हफीज ने बताया कि उनके बेटे असद का 12 जुलाई को जेएन मेडिकल कॉलेज में आंत फटने का ऑपरेशन हुआ था।
वार्ड नंबर-तीन में बेटे का ऑपरेशन हुआ। डॉक्टर ने बाहर से दवा लेने के लिए पर्चा दे दिया। वे दवा लेने के लिए जकरिया मार्केट स्थित दुकान नंबर-सात सना फार्मा ड्रिस्ट्रीब्यूटर के पास पहुंचे। आरोप है कि दुकानदार ने बिना बिक्री वाली निशुल्क दवा की 300 रुपये कीमत लेकर उन्हें दे दी। जबकि दवा के रैपर पर ” नॉट फॉर सेल ” छपा हुआ था। पीड़ित मो. हाफिज की ओर से थाना क्वार्सी में तहरीर दी गई है।
पुलिस ने मामले को अौषधि विभाग को स्थानांतरित कर दिया । औषधि निरीक्षक हेमेंद्र चौधरी ने बताया कि दवा फर्म के बिल नंबर पर दवा का बैच नहीं लिखा मिला है। ड्रग्स एंड कॅास्मेटिक एक्ट के तहत दुकान को सील करते हुए बंद करा दिया गया है । मामले की जांच की जा रही है । जेएन मेडीकल कॉलेज को इस मामले में नोटिस भेजकर पूछा जाएगा कि आखिर मेडीकल कॉलेज की दवाएं बाजार में कैसे बिक रही हैं ?