लूट के मामले में कोर्ट से चल रहा था गैरहाजिर, पुलिस ने भेजा जेल
गभाना। लूट के मामले में कोर्ट से गैर हाजिर चल रहे एक वारंटी को थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
उपनिरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि खैर के गांव सोफा की नगलिया निवासी हरिओम पुत्र किशन सिंह कोर्ट में चल रहे लूट के मामले में पिछली कई तारीखों से गैर हाजिर चल रहा था। जिस पर कोर्ट ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया था। कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर सोमवार को पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। जिसे कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी 2012 में गभाना में हुई बैंक से लूट के मामले में आरोपी था।
अवैध शराब समेत पकड़ा
गभाना। थाना पुलिस ने गस्त के दौरान एक युवक को अवैध देसी शराब समेत पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है।
इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि पैराई चौकी प्रभारी महावीर सिंह रविवार रात्रि में वह मय फोर्स के क्षेत्र में गस्त कर रहे थे। तभी चौमुंहा बंबा पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखाई पड़ा, जो कि पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजू उर्फ भोलू निवासी जगतपुर, लोधा बताया। तलाशी में उसके पास से देसी शराब के 20 ट्रैटा पैक बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
चालक ट्रक व रुपये लेकर हुआ फरार
गभाना। क्षेत्र के गांव पला सल्लू के एक युवक के ट्रक व भाड़े के रुपयों को चालक लेकर फरार हो गया। मामले में पीड़ित ने आरोपी चालक के खिलाफ थाने में धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है।
पला सल्लू निवासी जितेंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके ट्रक को पंजाब के गोविंदगढ़ फतेगढ़ के रामनगर मंडी निवासी रामश्रेष्ठ पासवान काफी समय से चला रहा है। बीती 26 जून से वह ट्रक को लेकर नहीं लौटा तो उसने चालक से ट्रक से संबंधित जानकारी की। जिस पर उसने ट्रक को घर पर खड़ा करने और उसके भाड़े के 56 हजार रुपयों को भी देने से इंकार कर दिया। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चालक के खिलाफ धोखधड़ी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।