आस्था व भक्ति बयार..चहुंओर भोले की जय-जयकार
सावन के दूसरे सोमवार को भुमियां बाबा मंदिर में उमड़ा अपार जनसैलाब
गभाना। सावन में भगवान शिव की उपासना का विशेष महत्व है। मान्यता है कि भक्तों को इस मास में भोलेनाथ की पूजा करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। इसको लेकर सावन के दूसरे सोमवार को आस्था और भक्ति बयार बही, शिवालयों में भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
कन्होई गांव स्थित श्री सिद्धनाथ भुमियां बाबा आश्रम में बाबा के जलाभिषेक एवं उनकी पूजा- अर्चना को पहुंचे भक्तों की श्रद्धाभक्ति व उत्साह बस देखते ही बन रहा था।
बता दें कि जीटी रोड के पास बसे गांव कन्होई में रेलवे लाइन के सहारे बना श्री सिद्धनाथ भुमियां बाबा आश्रम प्राचीन समय से ही चमत्कारी आश्रम के रुप मे विख्यात रहा है। मान्यता है कि श्रावण मास में पड़ने वाले सोमवारों को यहां आकर बाबा की समाधी का दूध व जल, बेलपत्र से अभिषेक व कुएं की पूजा-अर्चना करने पर बाबा यहां आने वाले हर भक्त की मनोकामनाओं को पूरा करते हैं।
इसी मान्यता को लेकर सावन के दूसरे सोमवार को सुबह से ही बाबा के भक्तों का अपार सैलाब मंदिर आश्रम पर उमड़ पड़ा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा की समाधि पर जलाभिषेक करने के साथ ही परिसर में लगे मेले का जमकर लत्फ उठाया। वहीं मंदिर परिसर में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए।
इस दौरान एसडीएम केबी सिंह, सीओ सुमन कनौजिया, तहसीलदार उदयवीर सिंह, नायब तहसीलदार अजेंद्र तोमर आदि ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आयोजन में भुमियां बाबा सेवा समिति के संरक्षक रवि कुमार सिंह, डा. श्याम सुंदर वशिष्ठ, हरेंद्र सिंह एडवाेकेट, गोपाल दास, निरंजन सिंह, राकेश कुमार सिंह, सतीश कुमार सिंह, ऋषिपाल सिंह, दिलीप शर्मा, लेखपाल भानूप्रताप सिंह, राजेंद्र सिंह आदि का सहयोग रहा।
वहीं कस्बा के श्री कामेश्वर महादेव मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, दुर्गा मंदिर, महादेव मंदिर आदि में भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।