मोहर्रम – निर्धारित रूट से ही निकाला जाए ताजियाें का जुलूस
- गभाना व चंडौस थाना में एसडीएम व सीओ ने की शांति समिति की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
गभाना। मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढ़ंग से मनाए जाने को लेकर मंगलवार को एसडीएम केबी सिंह व सीओ सुमन कनौजिया ने गभाना व चंडौस थाना परिसर में धर्म गुरुओं, संभ्रात नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक की। इस दौरान उन्होंने लोगों से आपसी भाई चारा के साथ मोहर्रम को मनाने की अपील की।
बैठक में उन्होंने कहा किमोहर्रम पर आलम एवं ताजिए जुलूस को निर्धारित स्थानों से निकाला जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि किसी ने भी बिना अनुमति के नई परंपरा को शुरू किया तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ताजिया निकालते समय सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक एहतियात बरती जाए।ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानक से अधिक न होना। उसमें लोहे व हरे बांस का प्रयोग न करें, ताकि सड़कों गलियों में बिजली के खतरों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाए।
यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तो तत्काल उसकी सूचना थाना पुलिस को दे दें, जिससे समय रहते ऐसे लोगों पर पुलिस कार्रवाई करे। इस दौरान उन्होंने लोगों से मोहर्रम पर की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी के साथ ही सुझाव भी मांगे।
इस मौके पर इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह राणा, मकेश गर्ग, हाजी यामीन अली, नाहर सिंह, धीरेंद्र माहेश्वरी, मुकेश कश्यप, सभासद हरीश माहेश्वरी, राहुल शर्मा, राजकुमार माहेश्वरी, दुर्गेश गुप्ता, टिंचू राठौर, मुनेंद्र प्रधान, समीम खां, राजा, हाजी यामीन अली, मोसीन, इमरान, शकील, कलुवा आदि मौजूद रहे।