आर्यावर्त बैंक के जनरेटर को किया जब्त
खैर। कस्बा के मोहल्ला नई बस्ती स्थित आर्यावर्त बैंक का सड़क पर रखे जनरेटर को नगरपालिका टीम ने जब्त कर लिया तथा टीम उसे उठाकर नगरपालिका ले आई है। मामले में अधिशासी अधिकारी निषाद मधुरमय ने थाने में कस्बा के ही दो लोगों के खिलाफ जनरेटर को हटाने व जुर्माना वसूल करने को लेकर धमकाने व सरकारी कार्य में वाधा डालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
अधिशासी अधिकारी निषाद मधुरमय ने बताया कि कस्बा में लोगों ने सड़कों पर अवैध रूप से जनरेटर के अलावा अपने सामान रख रखे हैं। मामले में ग्रामीणों ने अवैध रूप से रखे जनरेटर व अन्य सामान से होनी वाली समस्याओं जाम लगने की शिकायत की थी। जिस पर नगरपालिका की ओर से अवैध रूप से सामान व जनरेटर रखने वालों को पूर्व में नोटिस भी जारी किया गया है।
बाबजूद लोगों ने अवैध कब्जे नहीं हटाए हैं। कस्बा के एक व्यापारी ने अपने भवन को आर्यावर्त बैंक को किराए पर दे रखा है। बैंक ने नगरपालिका की बिना अनुमति के सड़क पर जनरेटर को रखकर अवैध रूप से अतिक्रम कर रखा है। जिस पर नगरपालिका की ओर से बैंक को भी नोटिस दिया गया था। जिस पर व्यापारी अन्य एक व्यक्ति के साथ नगरपालिका कार्यालय में पहुंच गया और गाली गलौज करते हुए जनरेटर को न हटवा पाने व जुर्माना को वसूल न कर कर पाने की धमकी देते हुए हंगामा करने लगे।
मामले में अधिशासी अधिकारी ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व अभद्रता करने को लेकर थाने में तहरीर दी है। जिस पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं नगरपालिका की टीम ने बैंक के बाहर अवैध रूप से रखे जनरेटर को जब्त करते हुए उसे नगरपालिका दफ्तर परिसर ले आए। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सरकारी जमीन व सड़कों पर अवैध रूप से रखे जनरेटर व सामान को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सामान को जब्त करने के साथ ही संबंधित के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुभाष चौक से भी अवैध अतिक्रमण को हटवाने के लिए टीम गठित कर दी गई है।