सात साल के मासूम के साथ चार युवकों ने किया सामूहिक कुकर्म
खैर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नामजद आरोपियों ने सात साल के मासूम बच्चे के साथ कुकर्म कर डाला। पुलिस ने मामले में मासूम का डॉक्टरी परीक्षण कराने के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की बरका चौकी के एक गांव निवासी युवक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शनिवार शाम को उसका सात वर्षीय बेटा घर के बाहर खेल रहा था। तभी गांव की चार युवक बेटा को ट्यूबल पर नहाने की बात कहते हुए बहला-फुसलाकर ले गए। जहां पर चारों लोगों ने बच्चे के साथ सामूहिक कुकर्म कर डाला। इतना ही नहीं आरोपी बच्चे को घर में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। परिजनों को जब बच्चा घर के बाहर खेलता हुआ न मिला तो उनको चिंता हुई। परिजन बच्चे की तलाश में खेतों की ओर पहुंचे।
जहां पर बच्चा रोता-बिलखता हुआ रास्ते में मिला। बच्चे से रोने का कारण पूछा तो उनके होश उड़ गए। मासूम ने बताया गांव के ही चारों युवकों की घिनौनी हरकत के बारे में बताया। जिस पर रविवार को परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी।
इंस्पेक्टर खैर सुबोध कुमार ने बताया कि मामले में पीड़ित के परिजनों की तहरीर के आधार पर गांव के लव, सागर, हरिओम व लवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्चे का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।