अज्ञात वाहन की टक्कर से गभाना के युवक की हुई मौत
इगलास। अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर परिक्रमा देकर घर लौट रहे बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गभाना के युवक की मौत हो गई। मामले में युवक के शव का गभाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना गभाना क्षेत्र के गांव चंदरौला निवासी 24 वर्षीय राहुल पुत्र मनोहर कलुवा गांव में कपड़े की दुकान चलाता था। राहुल शनिवार शाम को अपने अन्य साथियों के साथ बाइक से वृंदावन गया था। जहां से रविवार तड़के वह साथियों के साथ घर लौट रहा था। तभी कोतवाली क्षेत्र में अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राहुल के अलावा सुमेरपुर निवासी बलराम भी घायल हाे गया। घटना के बाद अन्य साथी घायलों को उपचार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पर डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। साथी मृतक को चंदरौला ले गए। सूचना पर थाना गभाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक चार भाईयों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है। प्रार्थना पत्र मिलने पर जांच की जाएगी।