शादी का झांसा देकर तीन साल तक युवती से करता रहा दुष्कर्म
खैर। कोतावाली क्षेत्र में पीड़िताें को कितना सुलभ न्याय मिलता है, इसका उदाहरण देखिए, एक युवक युवती को शादी का झांसा देकर तीन साल तक दुष्कर्म करता रहा। जब पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महज शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए इतिश्री कर ली।
बुलंदशहर के थाना खुर्जा की रहने वाली एक युवती ने दी तहरीर में आरोप लगाया कि खैर क्षेत्र के गौमत के रहने वाला रितिक उससे शादी का झांसा का देकर शारीरिक संबंध बनाने लगा। उसने शादी के लिए कहा तो टाल-मटोल करते हुए तीन साल तक उससे संबंध बनाता रहा।
पिछले दिनों जब उसने फिर से शादी करने के लिए कहा तो वह उसे गुमराह करने लगा। शक होने पर वह 19 जुलाई को रितिक के गांव मिलने पहुंची। जब उसने युवक से शादी का दबाब बनाया तो युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद रितिक के पिता ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर डाली। शोर शराबा सुनकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई।
युवती ने आरोप लगाया कि जब मामले में उसने सोफा चौकी इंचार्ज को लिखित तहरीर दी। जिस पर चौकी इंचार्ज ने उसे धमकाकर भगा दिया। जबकि आरोपी के खिलाफ केवल शांतिभंग में कार्रवाई करते हुए पाबंद कर दिया। पीड़िता ने बताया कि वह मामले में सोमवार को एसएसपी से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाएगी।