घायलों की मदद कर रहे तीन युवकों को बस ने रौंदा, तीनों युवकों की मौत
- हादसे में एक महिला की भी हुई मौत
टप्पल। यमुना एक्सप्रेस वे पर गांव देवाका के पास दो कारों की हुई भिड़ंत में घायलों की मदद कर रहे तीन युवकों व एक घायल महिला को बस ने रौंद डाला। हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं गुस्साएं ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगात दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाते हुए जाम को खुलवा दिया तथा घायलों को जेवर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही चारों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-राेकर बुरा हाल हाे गया।

मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव मालव निवासी सुभाष की 53 वर्षीय पत्नी जोगेंद्री देवी सोमवार सुबह बेटी पूजा, हेमा व दामाद योगेश व धेवते के साथ कार से वृंदावन से घर लौट रही थी। तभी दूसरी कार से उनकी कार की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत होने के बाद दोनों कार सवारों में मदद को चीख-पुकार मचने लगी।
इसी बीच जेवर एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी करने जा रहे मथुरा के थाना नौहझील अवाखेडा निवासी 28 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र सुग्रीव, पुष्पेंद्र 26 वर्षीय पुत्र भाव सिंह व बाघई कटैलिया निवासी 25 वर्षीय प्रवीण पुत्र मुकेश मौके पर रूक गए और घायलों को बाहर निकालने लगे। इसी बीच आगरा की तरफ से आ रही टूरिस्ट बस ने तीनों के अलावा कार सवार जोगेंद्री देवी को रौंद डाला।
हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना पुलिस के अलावा एसडीएम खैर मोहम्मद अमान, सीओ खैर राकेश द्विवेदी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने गुस्साएं ग्रामीणों को शांत कराते हुए दोनों कार सवार घायल हुए पूजा, हेमा, योगेश व दूसरी कार सवार माधवराम, मोहरपाल, आमिर निवासी मैनपुरी को एंबुलेंस की मदद से जेवर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे की जानकारी पाकर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल गया। उधर हादसे के बाद आरोपी चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। बस को पुलिस ने जब्त कर थाने पर लाकर खड़ा करा दिया है।