टेंपो की टक्कर से बाइक सवार दो भाई घायल
लोधा। थाना रोरावर क्षेत्र में हाईवे पर खेरेश्वर चौराहे के पास जोफरी मोड़ पर टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार हाथरस के गांव शंकरपुर निवासी धर्मेंद्र व विनीत पुत्रगण राजू नोएडा में एक कार ट्रेनिंग सेंटर में नौकरी करते हैं। रविवार को दोनों भाई बाइक से हाथरस से नोएडा जा रहे थे। तभी हाईवे पर खेरेश्वर चौराहे के पास जोफरी मोड़ के पास विपरीत दिशा में आ रहे टेंपों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों भाई गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीराें की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से नादा चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं हादसे के बाद चालक टेंपों को लेकर मौके से फरार हो गया।