भोलू हत्याकांड में एक आरोपी को भेजा जेल, दूसरे की तलाश जारी
गभाना। क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात स्कार्पियो कार में सवार जवां थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर भोलू ठाकुर की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में भोलू की भाई की तरफ से दो नामजद समेत सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। जिसे मंगलवार को जेल भेज दिया गया है। जबकि दूसरे नामजद समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की सर्विलांस समेत तीन टीमें तलाश में जुटी हुई हैं।
थाना जवां क्षेत्र के गढ़िया भोजपुर निवासी 38 वर्षीय भोलू ठाकुर उर्फ सुनील पुत्र शिशुपाल सिंह रविवार को थाना लोधा में चिकावटी स्थित एक रेस्टोरेंट के उद्घाटन के कार्यक्रम में गांव के संजीव कुमार, अपने दोस्त सुनील निवासी तेजपुर आदि के साथ स्कॉर्पियो कार से शामिल होने गया था। भोलू ठाकुर का चार-पांच दिन पहले पंकज नाम के एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
रेस्टोरेंट के उद्घाटन समारोह में पंकज भी अपने साथियों के साथ शामिल हुआ। जहां फिर से पंकज और भोलू ठाकुर के बीच कहासुनी हुई। जहां पंकज, चंद्रवीर आदि युवकों ने भोलू ठाकुर के साथ मारपीट कर दी और स्कॉर्पियो कार के शीशे भी तोड़ डाले। किसी तरह लोगों ने बीच-बचाव कराया और भोलू ठाकुर को घर भेज दिया। भोलू ठाकुर दोस्त सुनील कुमार के साथ गभाना बरौली रोड होते हुए अपने गांव जा रहे थे।
रात करीब 11 बजे पीछा करते हुए बाइक सवारों ने रिलायंस पेट्रोल पंप के पास भोलू ठाकुर को हमलावरों ने गोली मार दी। गोली बाएं कंधे से सीने में जा घुसी और मौके पर ही भोलू ठाकुर ने दम तोड़ दिया था। जानकारी पर इलाका पुलिस के अलावा एसएसपी कलानिधि नैथानी, पुलिस अधीक्षक यातायात मुकेश चंद्र उत्तम, क्षेत्राधिकारी गभाना सुमन कनौजिया समेत विभिन्न थानों की पुलिस, सर्विलांस, फारेंसिक आदि टीमें पहुंच गई। जांच पड़ताल के दौरान कार में कारतूस का एक खोखा बरामद हुआ था।
मामले में भोलू ठाकुर के भाई राहुल कुमार ने पंकज कुमार और चंद्रवीर निवासी ग्वालरा, थाना गभाना को नामजद करते हुए छह- सात अज्ञात खिलाफ हत्या, एक राय होकर मारपीट एवं जानलेवा हमले और स्कार्पियो कार को क्षतिग्रस्त करने का मुकदमा दर्ज कराया था। जिनमें से पुलिस ने सोमवार को हाईवे पर ओगर कट से एक आरोपी चंद्रवीर पुत्र पुष्पेंद्र निवासी ग्वालरा को हिरासत में ले लिया था।
इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मंगलवार को आरोपी चंद्रवीर को गिरफ्तार कर न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं मुख्य आरोपी पंकज कुमार व वारदात में प्रकाश में आए अन्य लोगों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें जुटी हुई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।