रक्तदान सबसे बड़ा दान, जरूरतमंद की बचाई जा सकती है जान
गभाना। क्षेत्र के गांव पनिहावर में सोमवार को समाजसेवी रहे नीरज कुमार सिंह बबली की चाैथी पुण्यतिथि पर सत्यमन मानव सेवा संस्था के तत्वाधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। जिसमें में रक्तवीरों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ पूर्व प्रवक्ता धीरेंद्रपाल सिंह, रामचंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंह व चेयरमैन अभिमन्युराज सिंह ने फीता काटकर किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, इससे किसी भी जरूरतमंद की जान काे बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी फैक्ट्री में नहीं बनता बल्कि यह मानव शरीर में ही बनता है। रक्तदान करने से दुर्घटना में घायल या फिर किसी गंभीर रूप से बीमारी से ग्रस्त जरूरतमंद लोगों की जान को बचाया जा सकता है। एक स्वस्थ्य व्यक्ति को तीन माह में एक बार रक्तदान जरूर करना चाहिए।
शिविर में एक दिव्यांग दानदाता समेत 50 लोगों ने रक्तदान किया। जिन्हें संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में जिला अस्पताल मलखान सिंह ब्लड बैंक के अलावा शरद सिंह, मोनू कुमार, जितेंद्र सिंह, भुवनेश गोयल, मुनेंद्रपाल, भूपेंद्र सिंह, पंकज कुमार, कुलदीप सिंह, रजत जादौंन, अंकुर सिंह, अरशद अली, अजहर आलम, रजनी, रजनेश, जया सिंह आदि का योगदान रहा।