रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना में ट्रेन से गिरकर अलीगढ़ का युवक गंभीर रूप से हुआ घायल

गभाना। दिल्ली-कानपुर रेलवे लाइन पर सोमना व रामपुर के मध्य किसी ट्रेन से गिरकर अलीगढ़ का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया।

उपनिरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर शाम को ग्रामीणों ने दिल्ली-कानपुर रेलवे लाइन पर किसी ट्रेन से गिरकर युवक के घायल होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर हालत गंभीर होने पर उसे उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। युवक की जेब में मिले दस्तावेजों से उनकी पहचान थाना गांधीपार्क के नगला मान सिंह निवासी देवेंद्र पुत्र शंकरलाल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना घायल के परिजनों को दे दी। सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जहां पर उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने एक युवक को अवैध शराब के साथ दबोचा

गभाना। थाना पुलिस ने गस्त के दौरान हाईवे तहसील तिराहे के पास से एक युवक को अवैध देसी शराब के साथ पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक अनीश अहमद मय फोर्स के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गश्त कर रहे थे। तभी हाईवे पर तहसील तिराहे के पास एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखाई पड़ा। पूछताछ में उसने अपना सुभाष निवासी अर्जुनपुर थाना गभाना बताया, जामा तलाशी में उसके से देसी शराब के अवैध 22 ट्रेटा पैक बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

 

एसएसपी के आदेश पर युवक को मारपीट कर घायल कर देने की रिपोर्ट दर्ज

गभाना। क्षेत्र के गांव वीरपुरा में एक युवक के साथ करीब दो माह पूर्व हुई मारपीट कर देने का मामला दर्ज हुआ है।

एसएसपी के आदेश पर चंडौस थाना क्षेत्र के गांव नगला सरूआ निवासी संजय पुत्र ओमप्रकाश सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 25 मई को वह खैर से घर लौट रहा था। तभी वीरपुरा स्थित एटीएम के सामने कार में सवार शिवम, सुमित निवासी वीरपुरा, रोहित निवासी उदयपुर व पारस नगला सरूआ हाथों में तमंचा लेकर मिल गए और बिना किसी बात के उसके साथ मारपीट करते हुए घायल कर दिया। आरोप है कि उक्त लोगों ने उसे फोन कर पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।

 

फर्जी दस्तावेज बनाकर किया जमीन का बैनामा रिपोर्ट दर्ज

गभाना। थाना क्षेत्र के रायपुर में एक महिला की जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेच देने व आरोपियों द्वारा घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट कर देने की रिपोर्ट दर्ज हुई है।

क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी श्रीमती देवी उर्फ ग्रीसा देवी निवासी रायपुर थाना गभाना ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा कि उसकी जमीन के दीपक कुमार पुत्र नेत्रपाल निवासी रायपुर हाल निवासी पला अमर नगर फरीदाबाद ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर 6 सितंबर 2021 को गौरव निवासी रकराना थाना पिसावा के नाम तहसील में बैनामा करा दिया। जब उसे पता चला तो उसने दीपक से जानकारी की। जिस पर वह वह टाल-मटोल करता रहा। 8 मई की शाम को दीपक व गौरव उसके घर में घुस आए और गाली- गलौज करने लगे। जब उसने विरोध किया तो आरोप है कि दोनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट कर डाली। चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए। जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इंस्पेक्टर रामकुंवर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!