रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कोर्ट में सरेंडर करने जा रहे भोलू हत्याकांड के मुख्य आरोपी पंकज को किया गिरफ्तार

आरोपी के कब्जे से तमंचा हुआ बरामद, होटल खाली कराने के दबाब में साथियों के साथ मिलकर की थी हत्या

गभाना। जवां के हिस्ट्रीशीटर भोलू ठाकुर उर्फ भोलू गढ़िया हत्या कांड के मुख्य आरोपी पंकज को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट सरेंडर करने जाने के दौरान घंटाघर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या में शामिल चार-पांच अन्य लोगों के नाम भी उजागर किए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जवां क्षेत्र के गढ़िया भोजपुर निवासी भोलू ठाकुर उर्फ सुनील रविवार को स्कार्पियो से भाई राहुल, गांव के संजीव कुमार, भाई के साले रोहित व तेजपुर निवासी सुनील के साथ लोधा क्षेत्र में चिकावटी स्थित एक रेस्टोरेंट के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

राहुल के अनुसार रात में रेस्टोरेंट से निकलने के दौरान वाहन गेट से हटाने को लेकर भोलू की गांव ग्वालरा निवासी पंकज से कहासुनी हो गई थी। पंकज ने अपने साथियों को बुलाकर भोलू की कार को घेर लिया और शीशे तोड़ दिए। बाद में कार का पीछा किया और हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास कन्होई कट पर भोलू की गोली मारकर हत्या कर दी थीराहुल की तहरीर के आधार पर गभाना पुलिस ने पंकज उसके साथी चंद्रवीर समेत छह-सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।

हाेटल खाली करने के दबाब में की हत्या

प्रभारी एसपी सिटी मुकेशचंद्र उत्तम ने बताया कि रेस्टोरेंट के उद्घाटन में पंकज को निमंत्रण नहीं था। रेस्टोरेंट जवां क्षेत्र के गांव रायपुर दहेली निवासी बबलू ठाकुर का है। बबलू ने ऊपरी मंजिल पंकज को किराए पर दी थी, जिसमें वह होटल चलाता है। पूछताछ में पंकज ने बताया कि दो माह से घाटा होने के चलते किराया नहीं दे पाया। गई। इस पर बबलू ने जुर्माना लगा दिया। पंकज ने पिछले माह बतौर जुर्माना सात हजार रुपये दिए थे। उस पर होटल खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था।

रविवार को हुए कार्यक्रम में आए भोलू व उसके साथियों ने भी होटल खाली करने का दबाव बनाया। इसी बात पर विवाद हो गया। पंकज पक्ष के लोगों ने भोलू के गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। तब कुछ लोगों ने बीचबचाव कर दोनों को अलग कर दिया। पंकज ने ये भी बताया कि कार्यक्रम के दौरान भोलू व उसके साथी खाना खा रहे थे। तभी सुनील ऊपरी मंजिल से पानी का कैंपर उठाकर नीचे ले आया। इसका विरोध करने पर भी विवाद हुआ था। इसके बाद पंकज ने अपने साथी हर्षित व तरुण को बुला लिया। उन दोनों ने अपने अन्य साथियों को बुलाया।

सभी ने स्विफ्ट कार से भोलू की कार का पीछा किया और हाईवे पर रिलायंस पेट्रोलपंप के पास पंकज ने गोली मार दी। पंकज ने बताया कि हम सभी शराब के नशे में थे। घटना के बाद कन्होई मोड़ से यू-टर्न लेकर घर चले गए। सुबह जानकारी हुई कि भोलू की मृत्यु हो चुकी है।

प्रभारी एसपी सिटी मुकेशचंद्र उत्तम ने बताया कि मुख्य आरोपी पंकज से पूछताछ की जा रही है। प्रकाश में आए अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। 

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!