गायब 8 साल की बच्ची का भूसे के ढ़ेर में मिला शव
खैर। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को घर के बाहर खेल रही एक आठ वर्षीय बच्ची का शव सोमवार को पड़ौसी के घेर में भूसे में दबा हुआ मिला। बच्ची का शव मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा एसएसपी कलानिधि नैथानी व फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। कोतवाली में बच्ची के बाबा ने रविवार रात में ही अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।
बाबा ने अपहरण की दर्ज कराई थी रिपोर्ट
थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक ने रविवार रात्रि को थाना में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसकी 8 साल की पोती रविवार शाम को घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह कहीं गायब हो गई। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका है।
चप्पलों की पहचान के बाद भूसे में मिला बच्ची का शव
अपहरण का मुकदमा दर्ज होने के बात सारी रात पुलिस व परिजन बच्ची को तलाश करते रहे लेकिन उसका कही कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को भी परिजन बच्ची की तलाश में जुटे हुए थे। तभी घर से कुछ दूरी पर ही पड़ौसी के घेर में झांककर देखा तो बच्ची की चप्पलें वहां पड़ी हुई थी। जिस पर परिजनों को शक हुआ। परिजनों ने जब घेर में पड़े भूसे के ढ़ेर को हटाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
परिजनों ने जताई दुष्कर्म व हत्या की आशंका
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं फारेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य एकत्रित किए। बच्ची के शरीर पर चोंट के निशान भी थे। जिसके बाद परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म व हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद परिजनों का रो – रोकर बुरा हाल हो गया, बच्ची एक भाई व तीन बहनों में दूसरे नंबर की थी।
जांच के लिए टीमें गठित
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि बच्ची का शव पड़ोसी के घेर में भूसे में दबा मिला है। बच्ची के अपहरण का मुकदमा रविवार को ही दर्ज कर लिया गया था। खुलासे के लिए तीन टीमों गठन कर दिया गया है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।