बच्चे मां को बचाने की लगाते रहे गुहार, हत्या कर पति हुआ फरार
-मामूली विवाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर की हत्या, थाना रोरावर के सरस्वती विहार की वारदात
अलीगढ। थाना रोरावर क्षेत्र के सरस्वती विहार कॉलोनी में बुधवार को एक युवक ने मामूली कहासुनी को लेकर पत्नी की गोलीमार का हत्या कर दी। इस दौरान बच्चे पिता के सामने मां को बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा। हत्या के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
सहेली के घर पर बच्चों के साथ रह रही थी मृतका
क्वार्सी थाना क्षेत्र बेगमबाग क्षेत्र के नितिन मित्तल सुरेंद्र नगर में मोबाइल की दुकान चलाता है। उसने करीब आठ साल पहले पड़ौस की 30 वर्षीय आरती से प्रेम विवाह किया था और दोनों अपने दो बच्चों के साथ सुरेंद्र नगर में किराए के घर में रहा था।
वह नए किराए के मकान की तलाश में जुटे हुए थे। उनकी पत्नी आरती अपने दो बच्चों को लेकर रोरावर थाना क्षेत्र की सरस्वती विहार कॉलोनी स्थित सहेली गुंजन शर्मा पत्नी सत्यप्रकाश शर्मा के घर रह रही थी। बुधवार देर शाम को नितिन घर पर आया और पत्नी आरती से बातचीत करने लगा। बातचीत करने के दौरान दोनों छत पर चले गए। कुछ देर बाद दोनों वापस आ गए । कमरे में दोनों बच्चे पढ़ रहे थे।
इसी दौरान अचानक से नितिन ने तमंचा निकाल लिया और आरती पर हमलावर होते हुए दो गोलियां मार दी। जिससे आरती लहुलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। इधर हम बच्चे पिता के सामने मां को बचाने के लिए गिड़गिड़ाते रहे। चीख पुकार पर पड़ोसी मौके पर आ गए इस बीच आरोपी नितिन घर से भाग गया।
आरती मित्तल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या की खबर पर इलाका पुलिस के अलावा एसपी सिटी मृगांग शेखर पाठक, सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय समेत अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर जानकारी जुटाई। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
न जाने क्या हुआ, पापा ने मम्मी को मार दी गोली
घटना के बाद आरती के आठ साल के बेटे ने रोते हुए बताया कि पापा- मम्मी छत से कमरे में आकर आपस में हंसते हुए बात कर रहे थे। पता नहीं पापा को अचानक क्या हुआ कि उन्होंने तमंचा निकाल लिया और मम्मी पर एक के बाद एक गोली चला दी। हमने पापा को रोकने की भी कोशिश की, लेकिन पापा ने उनकी बात नहीं सुनी।
आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस
एसपी सिटी मृगांग शेखर पाठक ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। महिला के मायका पक्ष को सूचना दे दी गई है। आरोपी पति मौके से फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।