कल्याण सिंह को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने आएंगे गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक समेत कई वीआईपी का रहेगा शहर में डेरा, प्रशासन तैयारियां करने में जुटा
अलीगढ़। देश भर में हिंदू सम्राट के रूप में जाना जाने वाले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह की 21 अगस्त को द्वितीय पुण्यतिथि मनाई जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री की पुण्यतिथि को हिंदू गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। नुमाइश मैदान में सुबह 11 बजे से प्रस्तावित इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश के महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई केंद्रीय एवं प्रदेश मंत्रीमंडल से जुड़े मंत्री एवं पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे।
संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। अधिकारियों ने हैलीपेड, सुरक्षा व्यवस्था, मार्ग व्यवस्था आदि की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हैलीपेड के लिए रामघाट रोड स्थित अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम, आईटीआई परिसर, नुमाइश मैदान एवं धनीपुर एयरपोर्ट पर व्यवस्थाएं देखी जा रही है। कार्यक्रम में आने वाली भीड़ को लेकर भी वाहनों की पार्किंग, मार्ग परिवर्तन आदि को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि हिंदू गौरव दिवस कार्यक्रम में वीआईपी के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक स्तर से तैयारियां की जा रही है। अभी तक मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं मिला है। कार्यक्रम मिलते ही अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कराया जाएगा। हालांकि विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी मीडिया को देने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के सुपुत्र एवं एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने एक प्रेस वार्ता बुलाई है। जिसमें आयोजन से जुड़ी हुई जानकारी और आने वाले अतिथियों के बारे में बताया जाएगा।