व्यापारी से 3.26 लाख रुपये लूट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने भेजा जेल
चंडौस। थाना क्षेत्र में जहराना-ओगीपुर मार्ग पर गुरुवार रात्रि में व्यापारी से 3.26 लाख रुपये लूट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से लूट के दस हजार रुपये व लूट में प्रयुक्त बाइक को भी बरामद किया है।
यह थी पूरी घटना
अकराबाद क्षेत्र के नगला झम्मन निवासी शैलेंद्र सिंह के अनुसार वह मिल्क पाउडर व वेजिटेबल ऑयल का व्यापार करते हैं। गुरुवार को वह तगादे का पेमेंट लेने के लिए जट्टारी गए थे। जहां से वह कार से अपनी ससुराल ताजपुर गए और साले से पेमेंट लेकर अलीगढ़ जा रहे थे। रात्रि में जैसे ही वह जहराना- ओगीपुर मार्ग पर पहुंचे तभी बीच सड़क पर उन्हें एक बाइक पड़ी दिखी तो वह बाइक को साइड में करने के लिए कार से उतरे तभी फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने उनके ऊपर तमंचा तानते हुए कार में रखे 3,26,400 रुपये के थैला के अलावा लैपटॉप, मोबाइल फोन लूट लिए और बाइक लेकर मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वह चकमा देकर भाग गए थे। पीड़ित ने ग्रामीणों की मदद से लूट की सूचना थाना पुलिस को दी थी।
खेत में पड़े मिले थे लैपटॉप व तमंचा
पुलिस ने शुक्रवार को घटना स्थल का फिर से निरीक्षण करते हुए गहनता से जांच की थी। जिसमें पुलिस को घटना स्थल से कुछ दूर स्थित खेत में व्यापारी का लूटा गया लैपटॉप व घटना में प्रयुक्त तमंचा पड़ा मिला था।
बाइक नंबर से पकड़ में आए आरोपी
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि पीड़ित ने लुटेरों के बाइक नंबर को देख लिया था। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने ताजपुर निवासी शिवम पुत्र शंकर व रूपेश कुमार पुत्र सुरेंद्र चौहान को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना को स्वीकार किया। उनके कब्जे में घटना में प्रयुक्त बाइक व दस हजार रुपये बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।