डीटीसी बस चालक ने फांसी के फंदे पर लटककर दी जान
लोधा। क्षेत्र के गांव भानोली में डीटीसी बस चालक ने किसी बात पर अपने घर में फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार भानोली निवासी 48 वर्षीय प्रेम स्वरूप पाठक दिल्ली में डीटीसी बस चालक थे। वह सोमवार को ही गांव में छुट्टी लेकर घर आए हुए थे। मंगलवार को उनकी पत्नी राजकुमार व बड़ा बेटा किसी काम से कहीं गए हुए थे, जबकि घर पर उनके अलावा एक बेटा व बेटी रह गए थे। इसी दौरान उन्होंने कमरे में जाकर फंदे पर लटकर जान दे दी। कुछ देर बाद जब बच्चे कमरे में पहुंचे तो पिता का शव फंदे पर लटका देखकर उनकी चीख निकल पड़ी। चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ौस के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
मिस्त्री की करंट की चपेट में आकर हुई मौत
अलीगढ़। बन्नादेवी थाना क्षेत्र के गांव एलमपुर में मंगलवार को करंट की चपेट में आकर राजमिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बरौला निवासी 24 वर्षीय कपिल पुत्र पप्पू राजमिस्त्री का काम करते थे। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार को एलमपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान की छत पर काम कर रहे थे, तभी वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए और बुरी तरह से झुलस कर घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें उपचार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। परिजन दिल्ली लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही कपिल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक दो बच्चों के पिता थे।