रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर किशोर झुलसा

लोधा। थाना क्षेत्र के गांव रायट में हाईटेंशन लाइन की चपेट में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

मिली जानकारी के अनुसार पप्पू खां का 15 वर्षीय बेटा जीशान खां सोमवार शाम को गांव के ही जुम्मा खां के घर गया था। गर्मी अधिक होने के चलते वह छत पर चला गया। तभी छत पर टहलने के दौरान वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गया। जानकारी होने पर परिजन किशोर को एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे।

जहां पर किशोर की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त हो गया। ग्राम प्रधान माजिद अली के अनुसार पूर्व में लाइन से जुड़ी शिकायतें विद्युत विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी हैं, लेकिन अधिकारी इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दे रहे, विभाग की लापरवाही का खामियाजा किशोर को भुगतान पड़ा है।

———-

बंदरों ने खाना बना रही महिला को किया घायल

लोधा। जनपद में इन दिनों बंदरों का खासा आतंक हो रहा हैं, आए दिन खूंखार बंदर लोगों पर हमला कर घायल कर रहे हैं। ऐसा ही मामला क्षेत्र के गांव रायट में सोमवार को देखने को मिला। जहां पर घर में खाना बना रही महिला पर बंदरों के झुंड ने हमला करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार रिंकू ठाकुर की पत्नी ऊषा देवी सोमवार को अपने घर में खाना बना रही थी। तभी अचानक से बंदरों का झुंड घर में घुस आया अौर महिला पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और बमुश्किल ऊषा देवी को बंदरों के चंगुल से बचाया। परिजनों ने महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। वहीं ग्रामीणों में बंदरों के आतंक से भय व्याप्त है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!