हापुड़ घटना के विरोध में अलीगढ़ में वकीलों ने किया प्रदर्शन, किया पथराव
कोर्ट में वकीलों ने लगाए पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के नारे, पुलता जलाने के बाद मारे जमकर जूते
अलीगढ़। हापुड़ में अधिवक्ताओं के ऊपर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को अलीगढ़ में अधिवक्ताओं ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी और जमकर प्रदर्शन किया।
अधिवक्ताओं ने पहले कोर्ट कैंपस के अंदर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए और कैंपस के अंदर मौजूद सभी पुलिस कर्मियों को गेट के बाहर खदेड़ दिया। उन्होंने हापुड़ में अधिवक्ताओं पर पुलिस द्वारा किये गए लाठीचार्ज की घटना की निंदा की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने सड़क पर पुलिस और प्रशासन के अलग-अलग पुतले जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा और सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान नाराज अधिवक्ताओं ने पुलिस कर्मियों के ऊपर पथराव भी किया, लेकिन अधिकारियों और सीनियर अधिवक्ताओं ने बीच में पड़कर मामले को शांत करा दिया।
पुतला फूंकने के साथ चलाए मारे जूते
अधिवक्ताओं ने कोर्ट कैंपस के बाहर आकर पुलिस और प्रशासन के अलग-अलग पुतले जलाए। इसके साथ ही उन्होंने पुतला जलने के बाद उसमें जमकर जूते भी बरसाए और अपना गुस्सा जाहिर किया। इस दौरान पुलिस कर्मी कोर्ट कैंपस के दूर तस्वीर महल चौराहे पर जाकर मूक दर्शक बनकर सारा दृश्य देखते रहे।
कार्रवाई न होने तक हड़ताल पर रहेंगे अधिवक्ता
अधिवक्ताओं की मांग है कि हापुड़ में अधिवक्ताओं के ऊपर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों व महिला अधिवक्ता से छेड़छाड़ व अभद्रता करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वह अनिश्चित कालीन हड़ताल पर रहेंगे।
पुलिस कर रही पथराव से इनकार
गुस्साएं अधिवक्ताओं ने कोर्ट कैंपस के अंदर से सभी पुलिस कर्मियों को खदेड़ लिया और दौड़ाकर कोर्ट कैंपस के बाहर कर दिया। इसके साथ ही कुछ अधिवक्ताओं ने पुलिस कर्मियों के ऊपर पथराव भी किया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
वहीं पुलिस इससे इनकार कर रही है। सीओ थर्ड अशोक कुमार सिंह का कहना है कि अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर अपना विरोध प्रकट किया है और शासन को ज्ञापन भेजा है। लेकिन पथराव जैसा कोई मामला नहीं है।