रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

अवैध संबंधों के चलते गोली मारकर की थी आरती की हत्या, पुलिस ने हत्यारे पति को किया गिरफ्तार

अलीगढ़। थाना रोरावर क्षेत्र के सरस्वती विहार कॉलोनी में बीती 16 अगस्त को गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी पति ने पुलिस को पत्नी के अवैध संबंध होने के चलते हत्या कर देने की बात को कबूल किया है।

बता दें क्वार्सी थना क्षेत्र के बेगमबाग क्षेत्र के नितिन मित्तल सुरेंद्र नगर में मोबाइल की दुकान चलाता है। उसने करीब 8 साल पहले पड़ौस की ही आरती से प्रेम विवाह किया था और दोनों अपने अपने बच्चों के साथ सुरेंद्र नगर में किराए के घर में रह रहे थे ।

वह नए किराए के मकान की तलाश में जुटे हुए थे। पत्नी आरती अपने दो बच्चों को लेकर रोरावर थाना क्षेत्र की सरस्वती विहार कॉलोनी स्थित सहेली गुंजन शर्मा पत्नी सत्यप्रकाश शर्मा के घर रह रही थी। बीती 16 अगस्त की देर शाम को नितिन घर पर आया और पत्नी आरती से बातचीत करने लगा। बातचीत करने के दौरान नितिन ने आरती से मोबाइल मांगा। जिस पर उसने देने से इंकार कर दिया था।

इसी बात पर नितिन ने तमंचा निकाल लिया और आरती पर हमलावर होते हुए दो गोलियां मार कर हत्या कर दी थी। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

इंस्पेक्टर रोरावर राजेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को पुलिस ने मथुरा बाईपास पुल के पास से आरोपी पति नितिन मित्तल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा के अलावा कारतूस भी बरामद हुए है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी के बेगमबाग निवासी राज उर्फ राजू भारती से अवैध संबंध थे। उसने कई बार पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं अाई। जिस पर उसने गोली मारकर हत्या कर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि राज उर्फ राजू भारती को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!