गभाना क्षेत्र में धूमधाम के साथ मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व
गभाना। क्षेत्रभर में गुरुवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम बंधन का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बहनों ने भाईयों की कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधकर, माथे पर कुमकुम से मंगल तिलक कर, मिष्ठान खिलाकर व आरती उतारकर उनकी दीर्घायु व सुख समृद्धि की कामना की। बदले मे भाईयों ने भी उनकी रक्षा का संकल्प लेने के साथ उन्हें आकर्षक उपहार भेंट किए।
जेल में लगी बहनों की लगी लंबी लाइन
जिला कारागार में भी रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए बहनों की लंबी कतारें लगी रही। सुबह से ही महिलाएं और युवतियां जेल के बाहर पहुंच गई और अपने भाई को राखी बांधने के लिए अपनी बारी कर इंतजार करती रही। बंदी भी रक्षाबंधन का त्योहार मना सकें और अपनी बहनों से राखी बंधवा सकें, इसके लिए जेल प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। जेल के बाहर पूरी सुरक्षा के साथ बहनों को जेल के अंदर भेजा गया, जिसके बाद उन्होंने सजा काट रहे और जेल में बंद अपने भाइयों को राखियां बांधी।
बाजारों में रहीं चहल-पहल
रक्षाबंधन पर्व को लेकर यूं तो पिछले कई दिनों से खरीददारी शुरू हो गई थी, लेकिन गुरुवार को रक्षाबंधन के दिन बाजारों में खरीददारों की खूब भीड़ देखने को मिली। राखी, मिठाईयों की दुकानों के अलावा कपड़े, सौन्दर्य प्रशाधन, ज्वैलर्स की दुकानों पर लोगाें में पहुंचकर जमकर खरीददारी की। जिससे दुकानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान भीड़-भाड़ अधिक होने के चलते सड़कों व बाजारों में दिन भर जाम की स्थिति बनी रही।

भाईयों के घर पहुंचने में झेली बहनों ने दिक्कत
रक्षाबंधन को लेकर भाईयों के घर जाने वाली बहनों को वाहनों की बेहद कमी खली। ट्रेनों और रोडवेज बसों में काफी भीड़ देखने को मिली। इनमें सीटों को लेकर खूब मारामारी भी देखने को मिली। कई स्थानों पर उनमें मारपीट भी हो गई। हालांकि रोडवेज विभाग ने दावा किया था कि रक्षाबंधन पर पर्याप्त बसें संचालित की जाएंगी। इसके बाद भी कई रूटों पर यात्रियों को घंटों बसें नहीं मिलीं और यात्री वाहनों की तलाश में भटकते रहे। रक्षाबंधन को लेकर रोडवेज ने दो दिन तक बहनों को मुफ्त सफर कराया। जो रोडवेज बसें पहुंची भी वह पहले से ही अंदर बाहर से लेकर छतों तक भरी नजर आयीं। ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ दिखाई पड़ी । वाहनों की कमी का फायदा डग्गेमार वाहन संचालकों ने उठाया और यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के बदले उनसे मुंहमांगा किराया वसूला।
सभासद ने सफाईकर्मियों के राखी बांध मनाया रक्षाबंधन

गभाना नगर पंचायत वार्ड नंबर एक (मंडलनगर) की सभासद कामिनी सुमन ने सफाईकर्मियों के राखी बांध कर व मिष्ठान खिलाकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। सभासद ने कहा कि पिता सतपाल सुमन ने समाजसेवा व समाज में बिना भेदभाव के सेवा करने का पाठ पढ़ाया है। वह पिता के बताएं गए मार्ग पर चलकर समाजसेवा के प्रयास में जुटी है। वहीं सभासद के इस अनूठे कार्य की लोगों ने जमकर प्रशंसा की है।