मंदबुद्धि किशोरी की मां ने दो किशोरों पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
- ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर काटा हंगामा
लोधा । थाना क्षेत्र के एक गांव में मंदबुद्धि किशोरी की मां ने गांव के ही दो पड़ोसी किशोरों पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। इसी प्रकरण में थाने पहुंचे ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा काटा। पुलिस अफसरों ने ग्रामीणों को जांच एवं कार्रवाई का भरोसा देते हुए उन्हें शांत कराया। रात करीब आठ बजे थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने फोन पर पुलिस को सूचना दी कि उसकी बेटी मंदबुद्धि है। आरोप है कि दोपहर के वक्त उसे पड़ोस में रहने वाले दो किशोर उसे बहला-फुसलाकर खेतों पर ले गए। जहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस आरोपी दोनों किशोरों को पूछताछ को थाने ले आयी। इसी बीच किशोरी पक्ष के सैंकड़ों महिला, पुरुष ग्रामीण भी थाने पहुंच गए। उन्होंने प्रकरण में दोनों किशोरों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे तत्काल जांच एवं कार्रवाई की मांग पर अड़ गए । किसी तरह पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। इस मामले में पीड़ित किशोरी की मां की ओर से दोनों किशोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। लोधा थाना प्रभारी बृह्म प्रकाश ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी किशोरों से भी पूछताछ की जा रही है।