रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

संपत्ति हड़पने के लालच में मां-बेटी की पीट-पीटकर की हत्या

- पति के त्रयोदशी भोज के दौरान महिला के देवरों ने घटना को दिया अंजाम, मौके से हुए फरार

 

इगलास। थाना गौंडा क्षेत्र के गांव कैमथल की मढ़ी में सोमवार को जमीन व संपत्ति हड़पने के लालच में परिवार के ही लोगों ने मां-बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर डाली। डबल मर्डर से गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा एसएसपी ने पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई है। वहीं मामले में मृतक महिला के भाई ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।महिला के पति के त्रयोदशी संस्कार की रस्म के दौरान हुआ विवाद

कैमथल मढ़ी निवासी सुरेशचंद्र दिल्ली में डीटीसी बस चालक थे। वह 55 वर्षीय पत्नी मुकेश देवी व 22 वर्षीय दत्तक पुत्री प्रियंका के साथ दिल्ली में ही रहते थे। सुरेश की 30 अगस्त को हृदय गति रूकने से मौत हो गई थी। जिस पर परिजनों ने गांव में आकर उनका अंतिम संस्कार कर दिया था। सोमवार को उनके त्रियोदशी संस्कार की रस्में पूरी की जा रही थी। तभी संपत्ती को लेकर मुकेश देवी का परिजनों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि परिजनों ने महिला के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। मां को बचाने आई बेटी प्रियंका के साथ भी आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। जिसमें मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। डबल मर्डर की सूचना पर गांव में अफर-तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर थाना पुलिस के अलावा एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी देहात पलास बंसल, सीओ डा. जीपी सिंह, फॉरेंसिक व एसओजी, डॉग स्कायड की टीम मौके पर पहुंच गई और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ ही साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

मामले में मृतका के भाई भोला पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी हर्जीगढ़ी थाना टप्पल ने बहन के देवर धर्मवीर उसके बेटे मोना, डबला, देवर रमेश उसके बेटा नीरज, सोनू व देवर राकेश के खिलाफ संपत्ति हड़पने के चलते बहन व उसकी दत्तक पुत्री की पीट-पीटकर हत्या कर देने का मुकदमा दर्ज कराया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी को टीम गठित 

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि मुकेश देवी व उसकी दत्तक बेटी प्रियंका को देवरों व अन्य परिजनों ने संपत्ति बंटवारे को लेकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर कर हत्या कर दी है। आरोपी फरार है। जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित कर दी गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!