ट्रक ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, मौत
अतरौली। थाना क्षेत्र के गांव ककेथल के पास ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
कस्बा के मोहल्ला टेड़ानीम ब्रह्मनपुरी निवासी 21 वर्षीय शोभित राजपूत पुत्र राकेश कुमार रविवार को अपनी बहन को छोड़ने के लिए उसकी ससुराल बुलंदशहर के नरौरा गया थ। जहां से देर रात्रि में वह बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव ककेथल के पास पहुंचा तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में जोदार टक्कर मार दी। हादसे में शोभित की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल हो गया। शोभित पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी करीब चार माह पूर्व ही शादी हुई थी।