ट्रक ने मामा-भांजी की बाइक में मारी टक्कर, भांजी की मौत
इगलास। कस्बा में अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर गंग नहर के पास ट्रक ने बाइक सवार मामा-भांजी को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भांजी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक भी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मथुरा के थाना बलदेव के गांव झरौठा निवासी 19 वर्षीय खुशबु पुत्री जितेंद्र सिंह क्षेत्र के गांव उदयपुरा स्थित अपनी ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। खुशबू का पॉलीटेक्निक की प्रवेश परीक्षा में चयन हो गया था।
जिसके प्रवेश के लिए वह सोमवार को अपने मामा सत्यप्रकाश के साथ कस्बा स्थित स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल प्रमाण-पत्र बनवाकर बाइक से घर लौट रही थी। जैसे ही वह अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर गंग नहर के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक उनकी बाइक में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
टक्कर इतनी भीषण थी बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि खुशबू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, मामा सत्यप्रकाश मामूली रूप से चुटहैल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर माैके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उधर हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार खुशबू के पिता का निधन हो चुका है, जिसके चलते वह ननिहाल में रहकर की पढ़ाई कर रही थी। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी।