सांड के हमले से घायल किसान की उपचार के दौरान मौत
इगलास। क्षेत्र के गांव कौआ खेड़ा में तीन दिन पूर्व खेत पर रखवाली करने के दौरान साड़ के हमले से घायल हुए किसान की साेमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के 60 वर्षीय किसान बच्चू सिंह शनिवार शाम को खेतों पर रखवाली करने के लिए गए थे। तभी एक सांड ने उन पर हमला कर दिया था। किसान की चीख-पुकार पर आस-पास खेतों पर काम रहे ग्रामीणों ने बमुश्किल सांड के हमले से उन्हें बचाया था। गंभीर रूप से घायल किसान को परिजन ने उन्हें अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर सोमवार की सुबह किसान बच्चू सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक सात बच्चों के पिता थे। वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में इन दिनों क्षेत्र में बड़ी संख्या में छुट्टा पशु घूम रहे हैं, जो आए दिनों लोगों पर हमला कर घायल कर रहे हैं। कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायतें भी की जा चुकी है, लेकिन आज तक छुट्टा पशुओं से निजात नहीं मिल सकी है।