भारत की पाकिस्तान पर शानदार जीत से मना जश्न
-विराट और राहुल की बल्लेबाजी के कायल हुए फिर खेलप्रेमी, कुलदीप यादव की फिरकी ने दर्शकों का दिल जीता
अलीगढ़। एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच में पहले भारतीय बल्लेबाजों ने दिल जीता। भारत की पाकिस्तान पर शानदार जीत से यहां जश्न मना। खेल प्रेमियों ने पटाखे छोड़े। मिठाई बांटी। भारत जिंदाबाद के नारे लगे।
रविवार को मैच जहां रुका हुआ था, सोमवार को मैच वहीं से शुरू हुआ। रोहित शर्मा और शुभमन गिल के अर्धशतक के बाद विराट कोहली और केएल राहुल ने शतकीय पारी खेलकर पाकिस्तान को मैच से दूर कर दिया। विराट कोहली के हर शॉट का क्रिकेट प्रेमियों ने लुत्फ उठाया।
दर्शक हर चौके छक्के पर झूम रहे थे। कोहली ने अंतिम ओवरों में शानदार शॉट खेले। बहुत दिनों के बाद टीम में वापस लौटे के एल राहुल के लिए ये मुकाबला किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं था, लेकिन राहुल ने न सिर्फ इस परीक्षा को पास किया बल्कि अच्छे नंबरों से पास करते हुए अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया राहुल ने अपने हर शॉट पर क्रिकेट प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कोहली,राहुल की बल्लेबाजी और कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी ने भारत को पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत दिलाई।इस जीत ने क्रिकेट प्रेमियों को खुशियां मनाने का मौका दिया। रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर-4 का मैच शुरू हुआ। भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं, लेकिन उनके आउट होने से खेल कुछ धीमा हो गया।
भारतीय दर्शकों को उम्मीद थी कि भारत बड़ा स्कोर खड़ा करेगा, लेकिन बीच में बारिश ने आकर खेल में व्यवधान डाल दिया। इससे खेल प्रेमियों को बहुत निराशा हुई। इस मैच के लिए एक दिन रिजर्व भी रखा गया था। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि भारत की ये ऐतिहासिक जीत है ये एक ऐसा मैच था जिसमें मैच की पहली गेंद से लेकर अंत तक भारत हावी रहा इसीलिए पाकिस्तान को शर्मनाक हार झेलनी पड़ी।