डकैती की योजना बना रहे थे बदमाश, पुलिस ने चार को दबोचा
लोधा। थाना पुलिस ने गौंडा रोड पर बड़ागांव स्थित पेट्रोल पंप के पास डकैती की योजना बना रहे चार बदमाशों को दबोच लिया, जबकि एक बदमाश मौके देखकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, तमंचा, मैगजीन, कारतूस, छुरा व अन्य सामान बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस को मिली सफलता
इंस्पेक्टर ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि गुरुवार रात्रि में वह मय फोर्स के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर गौंड़ा रोड पर बड़ागांव स्थित पेट्रोल पंप के पास बने खंडहर से डैकेती की योजना बना रहे चार बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम जीतू उर्फ जितेंद्र कुमार निवासी बिनूपुर जरैलिया थाना लोधा, मोहित कुमार पुत्र उदय सिंह बिनूपुर थाना लोधा, दीपक उर्फ टेढ़ा पुत्र राजकुमार निवासी सिधौली थाना महुआखेड़ा व लखविंदर पुत्र बिजेंद्र निवासी गीता कालोनी थाना क्वार्सी बताया। तलाशी में चारों के कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, मैगजीन, कारतूस छुरा व आला नकब लोहा बरामद हुआ है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए बदमाश काफी शातिर किस्म के हैं। जो आए दिन क्षेत्र में लूट, डकैती व छिनैती जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। पकड़े गए बदमाशों पर लोधा के अलावा छर्रा, खैर, बन्नादेवी आदि थानाें में लूट, डकैती, चोरी, आर्म्स एक्ट, जानलेवा हमले के कई-कई मुकदमे दर्ज हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया है। भागे गए बदमाश की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।