रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

नई दुनियां बसाने निकले प्रेमी युगल को RPF ने पकड़ा, बोले बालिग है नहीं जाएंगे घर

अलीगढ़। नई दुनियां बसाने को घर से दिल्ली जा रहे प्रेमी युगल को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर RPF ने महाबोधी एक्सप्रेस से उतार लिया। दोनों ने कहा कि एक दूसरे को प्यार करते हैं, साथ जिएंगे, साथ मरेंगे, बालिग है अपनी मर्जी से साथ आएं हैं। चाहे कुछ भी हो जाए घर बिल्कुल नहीं जाएंगे। आरपीएफ ने युवती को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है।

RPF पोस्ट कमांडर राजीव वर्मा ने बताया कि प्रयागराज मंडल कंट्रोल रूम से एक युवक व युवती के महाबोधि एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-10 में दिल्ली जाने की सूचना मिली। ट्रेन के अलीगढ़ स्टेशन पहुंचने पर दोनों को एसआई अमित चौधरी, एएसआई ओमवीर सिंह ने कोच से नीचे उतार लिया। दाेनों को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर लाया गया।

जहां पर पर पूछताछ में युवक -युवती ने बताया कि वे बिहार के जिला औरंगाबाद के रहने वाले हैं। दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं और साथ जिएंगे और मरेंगे। वह बालिग हैं, अपनी मर्जी से घर छोड़कर आए हैं और दिल्ली जाकर नई दुनिया बसाएंगे। दोनों को परिजनों के साथ जाने के लिए काफी समझाया, लेकिन वे जिद पर अड़े रहे।

उन्होंने लिखित में दिया कि कानून में भी बालिग को अपने बारे में निर्णय लेने का अधिकार मिला हुआ है। अपने परिजनों के साथ नहीं जाएंगे। युवती के पिता ने फोन पर बताया कि बेटी के गुम हो जाने की थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है। इसकी पुष्टि थाने के जांच अधिकारी ने करते हुए जल्द अलीगढ़ आने की बात कही है। युवती को रेलवे सुरक्षा बल अलीगढ़ की महिला स्टाफ के साथ वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!