संघ नेता की मां को बातों में उलझाकर टप्पेबाज ले उड़े जेवरात
- बन्नादेवी क्षेत्र के रेलवे रोड -मामू भांजा की घटना, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हुए आरोपी
अलीगढ़। थाना बन्नादेवी क्षेत्र के रेलवे रोड पर रविवार दोपहर दवा लेने जा रही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के एक पदाधिकारी की मां से टप्पेबाज जेवरात लूट ले गए। टप्पेबाज पहले महिला को बातों में उलझाकर उन्हें कोयले वाली गली में ले गए और फिर जेवरात लेकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने मामले में जांच की तो टप्पेबाज इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मे कैद पाए गए हैं। पुलिस उनकी पहचान एवं धरपकड़ करने में जुट गई है।
संघ के सेवा प्रकल्प के पदाधिकारी रेलवे रोड निवासी गुंजित वार्ष्णेय की मां इंदिरा वार्ष्णेय दोपहर में मामू भांजा से होकर आगरा रोड पर डॉक्टर से दवा लेने आ रही थीं। तभी मामू भांजा में दो युवक उन्हें मिले। एक ने उन्हें यह कहते हुए बातों में ले लिया कि दूसरा रुपये जलाने जा रहा है। इस दौरान कई बार महिला ने उन्हें नजरंदाज किया। मगर, एक युवक ने महिला को एक बॉक्स दिखाया। जिसे खोलते ही महिला बेसुध हो गई। इसके बाद टप्पेबाज युवक महिला को पैदल ही रेलवे रोड पर कोयले वाली गली में ले गए। जहां बातों में लगाकर उनसे जेवरात उतरवा लिए और फिर गायब हो गए। महिला ने घर पहुंचकर हुई घटना की जानकारी दी तो बेटे गुंजित वार्ष्णेय ने पुलिस को खबर दी। जिसके बाद हरकत में इलाका पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें दो युवक नजर आये। जिनकी पहचान सेना पड़ाव मैदान पर पत्थर कूटने वालों के रूप में हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक युवक वहां से भाग गया। इंस्पेक्टर बन्नादेवी प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।