ट्रेन के आगे कूदकर वृद्ध ने की आत्महत्या, नहीं हो सकी शिनाख्त नहीं
गभाना। दिल्ली-कानपुर रेलवे लाइन पर भुमियां बाबा फाटक के पास एक वृद्ध ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने के काफी प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। जिस पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखा दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक वृद्ध हाथों में लाठी लेकर घूम रहा था। इसी दौरान वृद्ध ने एक ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसएसआई केपी सिंह ने बताया कि वृद्ध के शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि शव पूरी तरह से क्षति-विक्षत हो गया है। मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष के लगभग प्रतीत हो रही है। मृतक ने सफेद रंग की धोती पहन रखी है और एक लाठी भी साथ है। उन्होंने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
चूहरपुर से दो ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी
गभाना। क्षेत्र के गांव चूहरपुर से चोर दो किसानों के नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मरों को क्षतिग्रस्त कर उसमें से सामान चोरी कर ले गए। मामले में जेई गभाना कुलवेंद्र सिंह भारतीय ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बीती 17 सितंबर की रात्रि में चूहरपुर निवासी किसान चेतनराज सिंह व धनवीर सिंह के खेतों पर रखे 25-25 केवीए के ट्रांसफार्मरों को चोरों ने जोड़े से नीचे गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया तथा उनमें से क्वाइल, तेल व अन्य सामान को चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल
गभाना। नेशनल हाईवे पर पहावटी मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। जिसे टोल एंबुलेंस ने कस्बा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव कोमला निवासी सोनू पुत्र भजनलाल गुरुवार शाम को बाइक से गुरुग्राम से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह नेशनल हाईवे पर पहावटी मोड़ के पास पहुंचे। तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें सोनू गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची टोल एंबुलेंस ने घायल को कस्बा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जानकारी पाकर घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।