पर्सनल यूजर आईडी पर ई-टिकट बनाकर कालाबाजारी करते दबोचा
अलीगढ़। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट एवं क्राइम विंग सेल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पर्सनल यूजर आईडी पर रेलवे की ई- टिकटों का अवैध व्यापार करने वाले एक व्यक्ति को खैर बाईपास से गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरपीएफ के एसएसआई धीरज चौधरी, एएसआई ओमवीर सिंह, कांस्टेबल सूरज कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार एवं क्राइम बिंग IPF विकास पंचोली, एएसआई भारत भूषण की टीम ने बन्नादेवी क्षेत्र के खैर बाईपास रोड पर इंफोटेक कंप्यूटर जन सेवा केंद्र पर छापा मारा । यहां संचालक विनोद कुमार पुत्र बुद्ध सैन निवासी बुद्ध विहार कॉलोनी, थाना बन्नादेवी को एजेंट आईडी की आड़ में पर्सनल यूजर आईडी के माध्यम से ई-टिकट बनाकर मूल्य से 100 से 150 अधिक लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आरपीएफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी के पास से भविष्य की 9 टिकट कीमत 13088.07 रुपये, भूतकाल की यात्रा का 15 टिकट कीमत 22259 रुपये मूल्य बरामद हुई। आरोपी ने आईआरटीसी पर्सनल आईडी पर अब तक लगभग दो लाख रुपये की ई- टिकट का कारोबार किया है। आरोपी के पास से कंप्यूटर, प्रिंटर व मोबाइ बरामद हुआ है।