जमीनी विवाद में भाकियू नेता को गोली मारकर हमलावार हुए फरार, अस्पताल में कराया भर्ती
खैर। क्षेत्र के गांव बांकनेर में गुरुवार रात्रि में जमीनी विवाद को लेकर हमलावारों ने भाकियू के नेता को गोली मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। घायल किसान नेता को उपचार को खैर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार बांकनेर निवासी मदन शर्मा पुत्र लखत शर्मा भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के जिला मंत्री हैं और खेतीबाड़ी करते हैं। पीड़ित के अनुसार वह गुरुवार रात्रि में खाना खाकर घर से खेतों पर जा रहे थे। तभी रास्ते में दो गाड़ियों में सवार करीब एक दर्जन लोग मिल गए और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। उन्होंने खुद को बचाने को दौड़ लगा दी। जिस पर एक गोली उनके पैर में लग गई और वह जमीन पर गिर पड़े। हमलावार हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए।
राहगीरों की मदद से उसने सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस व परिजनों ने घायल किसान नेता को कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा, पुलिस हमलावारों की तलाश में जुटी है साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच पड़ताल की जा रही है।