रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

पुलिस अंकल! प्लीज मुझे व मेरी पूरी फैमली को मम्मी से बचा लो

- मासूम बच्चे का वीडियो हो रहा वायरल, लगा रहा पुलिस से मदद को गुहार 

अलीगढ़। पुलिस अंकल! मेरी मम्मी मुझे व पापा को मारना चाहती है। मम्मी, पापा को झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देती है। वह हमें रोज मारती है। पुलिस अंकल मम्मी से मुझे और मेरे परिवार को बचा लो। यह गुहार पुलिस से एक 7 साल के बच्चे ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर लगाई है। बच्चे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने वीडियो को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

बन्नादेवी थाना क्षेत्र के सुरक्षा विहार निवासी एक युवक के 7 वर्षीय बेटे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वह पुलिस से अपने और अपने परिवार की मदद करने की गुहार लगा रहा है। साथ ही वह अपनी मां पर गंभीर आरोप भी लगा रहा है।

बच्चे का आरोप है कि उसकी मां उसे मारती है और उसके पिता के साथ भी मारपीट करती है। घर का काम करवाती है तथा बर्तन भी धुलवाती हैं। पापा को झूठे मुकदमें में जेल भिजवाने की धमकी भी देती है। जिसके कारण उसके घर में डर का माहौल बना रहता है और पूरे परिवार को मां से खतरा है। वहीं बच्चे के पिता ने बताया कि 10 साल पहले उनका प्रेम विवाह हुआ था। जिसके बाद उनके दो बच्चे भी हैं।

आरोप है कि उनकी पत्नी का एक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है, जिसके चलते वह आए दिन घर में कलेश करती है और पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकी भी देती है। पीड़ित ने बताया कि बच्चों को मारना और उनके परिवार के साथ मारपीट करना पत्नी का रोज का काम हो गया है। बीते दिनों उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मारपीट तक कर डाली

उन्हें डर है कि वह अपने प्रेमी के साथ मिलकर उन्हें और परिवार को जान से न मार दे। इसलिए उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके परिवार की सुरक्षा करें। बच्चे के वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस हरकत में आ गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

सीओ द्वितीय विशाल चौधरी ने बताया कि दोनों की शादी 10 साल पहले हुई थी। पति पत्नी के बीच आपसी विवाद चल रहा है, जिसके कारण महिला पिछले कई महीनों से अपने मायके में रह रही है। उन्होंने बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है और जांच की जा रही है। इसके साथ ही दोनों पक्षों को परिवार समझौता केंद्र में भेजा जा रहा है, ताकि आपसी बातचीत से मामले को सुलझाया जा सके।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!